जयपुर में आसमान से बरस रही आफत, कई जगहों पर जलभराव; लोगों का जीवन हुआ अस्त-व्यस्त

राजधानी जयपुर सहित कई जगहों पर भारी बारिश हो रही है जिसके कारण कुछ इलाकों में शनिवार को जलभराव हो गया। जिले में शुक्रवार रात से हो रही भारी बारिश के कारण सीकर रोड और जलमहल के आसपास के कई इलाके जलमग्न हो गए हैं। इस बीच मौसम विभाग ने कहा है कि जयपुर और भरतपुर के कई इलाकों में अभी भी बारिश जारी रहेगी।

जयपुर में आसमान से बरस रही आफत, कई जगहों पर जलभराव; लोगों का जीवन हुआ अस्त-व्यस्त

राजधानी जयपुर सहित कई जगहों पर बीते दो दिन से भारी बारिश हो रही है, जिसके कारण कई इलाकों में शनिवार को जलभराव हो गया। जिले में शुक्रवार रात से हो रही भारी बारिश के कारण सीकर रोड और जलमहल के आसपास के कई इलाके जलमग्न हो गए हैं। कई अन्य निचले इलाकों में सड़कों पर पानी जमा हो जाने के कारण लोगों को काफी परेशानी आ रही है। इस बीच, मौसम विभाग ने कहा है कि जयपुर और भरतपुर के कई इलाकों में अभी भी बारिश जारी रहेगी।

जलभराव के कारण लोगों को हो रही परेशानी

जिले में हो रही भारी बारिश से जलभराव के कारण जयपुर-अजमेर राजमार्ग सहित कई सड़कों पर यातायात जाम हो गया। टोंक रोड, एसएमएस अस्पताल परिसर, बी2 बाइपास, जवाहर नगर, विद्याधर नगर सहित अन्य स्थानों पर बारिश का पानी जमा हो गया है। मौसम विभाग ने बताया कि राज्य में पिछले 24 घंटे के दौरान जयपुर कलेक्ट्रेट में सबसे अधिक 158 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि बीकानेर के नोखा में 84 मिलीमीटर पानी बरसा।

खाचरियावास ने बारिश प्रभावित इलाकों का किया दौरा

राजस्थान के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने शहर के बारिश प्रभावित कई इलाकों का दौरा किया और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए। वहीं, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल के कमांडेंट राजकुमार गुप्ता ने कहा कि एसडीआरएफ की टीमें सतर्क हैं और कई जगहों पर बचाव और राहत कार्यों में लगी हुई हैं।

जयपुर में दर्ज की गई 16 सेमी बारिश

इस बीच, जयपुर में अधिकतम 16 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जबकि दौसा के लालसोट में 12 सेमी, राजसमंद, बारां, सीकर में क्रमशः 9, 8 और 7 सेमी बारिश दर्ज की गई है।