UP Cabinet Meeting Today: योगी कैबिनेट ने पास किए 22 प्रस्ताव, 104 करोड़ के साइबर सिक्योरिटी सेंटर को मंजूरी, IIT कानपुर को मिली 3 साल की जिम्मेदारी
UP Cabinet Meeting Today Live: सीएम योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में 27 अक्टूबर को हुई कैबिनेट बैठक में 22 प्रस्ताव पास, 104.28 करोड़ के UP-CSOC, प्रयागराज में 845 आवास, 4 लिंक एक्सप्रेसवे और अंतर्देशीय जलयान नियमावली 2026 को मंजूरी।
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को लोकभवन में हुई कैबिनेट बैठक में 22 बड़े प्रस्तावों को मंजूरी मिल गई।
सबसे अहम फैसला साइबर सुरक्षा को लेकर है। प्रदेश के सरकारी डेटा, वेबसाइट और नेटवर्क को हैकिंग से बचाने के लिए 104.28 करोड़ रुपये की लागत से UP Cyber Security Operations Centre (UP-CSOC) बनेगा। वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि इस सेंटर को बनाने और अगले 3 साल तक चलाने, निगरानी और मेंटेनेंस की पूरी जिम्मेदारी IIT कानपुर के C3iHub को दी गई है। यह सेंटर स्टेट डेटा सेंटर, UPSWAN और सभी सरकारी ऐप्स पर 24 घंटे नजर रखेगा।
कैबिनेट के अन्य बड़े फैसले:
1. 845 आवास प्रयागराज में: इलाहाबाद हाईकोर्ट के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए प्रयागराज में 845 आवासीय इकाइयां बनाने को वित्तीय मंजूरी दी गई है।
2. नावों का भी रजिस्ट्रेशन होगा: यूपी अंतर्देशीय जलयान नियमावली 2026 लागू होगी। अब नदियों में चलने वाली सभी नावों, बजड़ों और जलयानों का रजिस्ट्रेशन, बीमा और सुरक्षा जांच अनिवार्य होगी।
3. 4 नए लिंक एक्सप्रेसवे: फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे, आगरा-लखनऊ को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाला लिंक, झांसी लिंक और जेवर लिंक एक्सप्रेसवे को मंजूरी।
4. कैशलेस इलाज: माध्यमिक, संस्कृत स्कूलों के गैर-शिक्षक स्टाफ और बेसिक शिक्षा विभाग के कर्मचारियों और उनके परिवार को भी कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी।
इसके अलावा मैनपुरी में सैनिक स्कूल के लिए 9.524 हेक्टेयर जमीन मुफ्त ट्रांसफर, झांसी और ललितपुर में वेयरहाउस के लिए जमीन और ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर पॉलिसी के तहत निवेश प्रस्ताव भी पास हुए हैं।


