वाराणसी में आधी रात घर में घुसकर खूनी हमला, अस्पताल संचालक के भाई की गर्दन रेती, 20 टांके

वाराणसी के रोहनिया के कुरहुआ गांव में आधी रात दो बदमाशों ने घर में घुसकर युवक की गर्दन पर चाकू से हमला किया, 20 टांके लगे। एक आरोपी नामजद, पुलिस जांच में जुटी।

वाराणसी में आधी रात घर में घुसकर खूनी हमला, अस्पताल संचालक के भाई की गर्दन रेती, 20 टांके
वाराणसी के रोहनियां में सनसनीखेज वारदात

जयचन्द । वाराणसी। रोहनिया थाना क्षेत्र के कुरहुआ गांव में रविवार की आधी रात दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। घर में सो रहे एक व्यक्ति पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया गया।

पीड़ित की पहचान उमेश शेखर (40) पुत्र शंकर राम निवासी कुरहुआ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उमेश एक निजी अस्पताल के निदेशक डॉ. सीएस वर्मा का भाई है। हमले में युवक की गर्दन गंभीर रूप से कट गई, जिसे इलाज के दौरान 20 टांके लगाने पड़े हैं।

चारदीवारी फांद कर घुसे बदमाश

पीड़ित ने पुलिस को बताया कि रविवार रात करीब 12:30 बजे वह अपने घर में पत्नी और बच्चों के साथ सो रहा था। तभी दो बदमाश मकान की चारदीवारी फांद कर अंदर घुसे। आरोप है कि उन्होंने पेचकस से दरवाजे का लॉक तोड़ा और सीधे कमरे में घुस आए।

उमेश के मुताबिक हमलावरों में से एक गजाधरपुर निवासी मगरू प्रसाद यादव था, जबकि दूसरा अज्ञात था। कमरे में घुसते ही मगरू ने धारदार हथियार से उमेश की गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।

पत्नी के शोर मचाने पर दोनों हमलावर मौके से भाग निकले। भागते-भागते धमकी दी - "पिछली बार बच गया था, आज काम तमाम कर दिया है।"

अस्पताल में भर्ती, केस दर्ज

परिजनों ने आनन-फानन में घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिसिरपुर पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर देख ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।

सूचना पर पहुंची रोहनिया पुलिस ने मौके से एक पेचकस बरामद किया है। पीड़ित की तहरीर पर एक नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों के मुताबिक उमेश पर दो साल पहले भी जानलेवा हमला हुआ था।