'सपा जॉइन कर लिए का?' गोरखपुर में जलभराव पर भड़के रवि किशन और पार्षद में तू-तू मैं-मैं, पार्षद बोला- आप बसपा जॉइन कर लिए क्या?
बेतियाहाता के BJP पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी ने फोन पर बताई जलभराव की समस्या तो सांसद रवि किशन ने किया सियासी तंज, दोनों की कॉल रिकॉर्डिंग वायरल
INDIA NEWS REPORT
कुलदीप बरनवाल
यूपी 53 - Desk
गोरखपुर, उत्तर प्रदेश,
गोरखपुर से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां भारी बारिश के बाद शहर में जलभराव को लेकर बीजेपी के अंदर ही तकरार खुलकर सामने आ गई है। गोरखपुर के बीजेपी सांसद रवि किशन और उन्हीं की पार्टी के पार्षद के बीच फोन पर हुई तीखी बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
यह पूरा मामला बेतियाहाता दक्षिणी वार्ड का है। शनिवार को तीन दिन से हो रही मूसलाधार बारिश के बाद गोरखपुर के कई इलाके पानी में डूब गए। कई घरों और दुकानों में पानी घुस गया। इसी समस्या को लेकर बेतियाहाता वार्ड के बीजेपी पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी उर्फ सोनू ने गोरखपुर के सांसद रवि किशन को फोन कर शहर की स्थिति बताई।
फोन पर शुरू हुई तू-तू मैं-मैं
पार्षद ने जैसे ही जलभराव की शिकायत की, सांसद रवि किशन भड़क गए। वायरल ऑडियो में रवि किशन कहते सुनाई दे रहे हैं, "का हो पार्षद जी, सपा जॉइन कई लेहला का? कईसन बोलत बाटा? सपा वाली बात क्यों कर रहे हो, सपा के नेता हो गईला का?"
इसके बाद पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी ने भी पलटवार किया। उन्होंने कहा, "ये कौन सी बात हुई सांसद जी, पानी की शिकायत कर दी तो सपा जॉइन कर लिया? आप क्या जॉइन कर लिए सांसद जी, आप बसपा जॉइन कर लिए क्या? 14 साल बाद ऐसी-ऐसी जगह पानी लग रहा है, जहां कभी पानी नहीं लगा था।"
पार्षद ने आगे कहा कि आखिर इतने नाले किस लिए बने हैं, पानी लगाने के लिए नहीं ना बने हैं। इस पर रवि किशन ने कहा, "अरे ब्राह्मण देवता काहे नाराज होत बाटा, मैं सड़कों पर ही निकला हूं, अधिकारी मेरे सामने खड़े हैं। तरकुलानी और पॉम वाला रेगुलेटर चालू है।"
पार्षद ने लगाया झूठ बोलने का आरोप
इस कॉल के बाद पार्षद का एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें वह रामगढ़ ताल चौराहे पर खड़े होकर कह रहे हैं कि सांसद महोदय झूठ बोल रहे हैं। वह सड़कों पर नहीं हैं और अब जनप्रतिनिधियों से भी झूठ बोला जा रहा है तो आम जनता का क्या होगा।
विपक्ष ने बोला हमला
यह वीडियो वायरल होते ही कांग्रेस और सपा ने बीजेपी पर हमला बोल दिया है। कांग्रेस ने कहा कि जो सांसद अपने ही पार्षद की नहीं सुन रहा, वह आम जनता की क्या सुनेगा। बताया जा रहा है कि पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी पहले सपा से चुनाव जीते थे और बाद में बीजेपी में शामिल हुए थे, इसी को लेकर रवि किशन ने सपा वाला तंज कसा था।
फिलहाल गोरखपुर में नगर निगम द्वारा मोटर लगाकर जल निकासी का काम किया जा रहा है।


