Varanasi में बंदरों का भयंकर आतंक: 4 साल की मासूम सुकन्या समेत कई मवेशियों को काटकर किया लहूलुहान, दहशत में गौरव नगर कॉलोनी
वाराणसी के रोहनिया थाना क्षेत्र के गौरव नगर में बंदरों का आतंक, 4 साल की मासूम सुकन्या पर जानलेवा हमला, बकरियों और बछड़ों को काटा, वन विभाग और नगर निगम से कार्रवाई की मांग। जयचन्द की रिपोर्ट
जयचन्द । वाराणसी/रोहनिया। वाराणसी के रोहनिया थाना क्षेत्र के अवलेशपुर कदंवा पंचकोशी रोड स्थित गौरव नगर कॉलोनी और उसके आसपास के ग्रामीण इलाकों में इन दिनों आवारा बंदरों के आतंक से हड़कंप मचा हुआ है। बंदरों के झुंड के लगातार हमलों से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
स्थानीय निवासियों के मुताबिक, बंदरों का एक झुंड पिछले कुछ दिनों से बेहद हिंसक और आक्रामक हो चुका है। आलम यह है कि बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक अपने ही घरों में कैद होने को मजबूर हैं। गलियों में पैदल निकलना भी दूभर हो गया है।
4 साल की मासूम पर जानलेवा हमला: हाल ही में कॉलोनी में रहने वाली 4 वर्षीय मासूम बच्ची 'सुकन्या' पर बंदरों ने अचानक हमला कर दिया। बंदरों ने बच्ची को बुरी तरह काटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिसका इलाज चल रहा है। इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार सहित पूरी कॉलोनी में भारी आक्रोश है।
मवेशियों को भी बना रहे निशाना: ये हिंसक बंदर सिर्फ इंसानों पर ही नहीं, बल्कि पालतू मवेशियों जैसे छोटी बकरियों और गाय के बछड़ों पर भी हमला कर रहे हैं। कई मवेशियों को काटकर लहूलुहान कर दिया गया है, जिससे पशुपालकों में भी डर है।
प्रशासन से गुहार: गौरव नगर और आसपास की कॉलोनियों के निवासियों का कहना है कि अभिभावक अपने बच्चों को स्कूल भेजने और बाहर खेलने देने में भी खौफ खा रहे हैं। कई बार शिकायत के बावजूद प्रशासन की तरफ से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
पीड़ित परिवारों और कॉलोनीवासियों ने वन विभाग तथा नगर निगम वाराणसी के उच्च अधिकारियों से जल्द से जल्द निजात दिलाने की मांग की है। लोगों की मांग है कि वन्यजीव विभाग की रेस्क्यू टीम भेजकर इन हमलावर बंदरों को पकड़ा जाए और उन्हें किसी सुरक्षित जंगल में छोड़ा जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी अनहोनी को टाला जा सके।


