बरेका में सतर्कता जागरूकता सप्ताह पर सेमिनार, GM आशुतोष पंत बोले - सत्यनिष्ठा को कार्यसंस्कृति बनाएं
बरेका वाराणसी में सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 के तहत सत्यनिष्ठा से समृद्धि विषय पर सेमिनार आयोजित, महाप्रबंधक आशुतोष पंत और प्रो. मुकुल राज मेहता ने ईमानदारी को सुशासन का आधार बताया।
जयचन्द । वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के अंतर्गत बुधवार, 28 अक्टूबर 2026 को ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ विषय पर एक प्रेरणादायी सेमिनार का आयोजन किया गया।
प्राविधिक प्रशिक्षण केंद्र (टीटीसी) के सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने की, जबकि काशी हिंदू विश्वविद्यालय के सेवानिवृत्त प्रोफेसर एवं प्रख्यात शिक्षाविद् प्रो. मुकुल राज मेहता अतिथि वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मुख्य सतर्कता अधिकारी अंकुर चंद्रा ने पावर पॉइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से सतर्कता जागरूकता सप्ताह की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला।
नैतिकता और प्रतिभा का संगम राष्ट्र को बनाता है सशक्त: प्रो. मेहता
अपने व्याख्यान में प्रो. मुकुल राज मेहता ने कहा कि सत्यनिष्ठा केवल व्यक्तिगत गुण नहीं, बल्कि संस्था और समाज के चरित्र को निर्धारित करने वाला मूल्य है। उन्होंने महात्मा गांधी के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि साध्य के साथ-साथ साधनों की पवित्रता भी जरूरी है। मन, वचन और कर्म तीनों स्तरों पर नैतिक आचरण ही वास्तविक सत्यनिष्ठा है। उन्होंने कहा कि ईमानदारी किसी व्यक्ति की कमजोरी नहीं, बल्कि उसके चरित्र की सबसे बड़ी ताकत है।
सत्यनिष्ठा को कार्यसंस्कृति का अभिन्न अंग बनाएं: महाप्रबंधक
अपने अध्यक्षीय संबोधन में महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने कहा कि ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ केवल नारा नहीं, बल्कि दैनिक कार्यप्रणाली में अपनाया जाने वाला संकल्प है। किसी भी संस्थान की प्रतिष्ठा उसके कर्मचारियों की ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा पर निर्भर करती है। उन्होंने पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
विजेता सम्मानित, नाटक से दिया संदेश
सेमिनार के दौरान सतर्कता जागरूकता अभियान के तहत आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। बरेका की सांस्कृतिक टीम ने मुकेश दुबे के निर्देशन में नाटक का मंचन कर ईमानदार आचरण का संदेश दिया। अंत में महाप्रबंधक ने अतिथि वक्ता को स्मृति चिह्न भेंट किया और उप मुख्य सतर्कता अधिकारी नीरज सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
इस अवसर पर प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनीष कुमार, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक आलोक अग्रवाल, प्रधान वित्त सलाहकार मुक्तेश मित्तल सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


