Varanasi MLC Election Clash: वाराणसी में स्नातक MLC चुनाव में हंगामा, सपा प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा और भाजपाइयों में धक्का-मुक्की

वाराणसी में MLC स्नातक चुनाव के दौरान सदर तहसील में सपा प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा और भाजपा कार्यकर्ताओं में जमकर कहासुनी और धक्का-मुक्की हुई। पुलिस से भी झड़प, सपा ने दोबारा मतदान की मांग की।

Varanasi MLC Election Clash: वाराणसी में स्नातक MLC चुनाव में हंगामा, सपा प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा और भाजपाइयों में धक्का-मुक्की
वाराणसी MLC चुनाव में हुई धक्का मुक्की

जयचन्द । वाराणसी। यूपी विधान परिषद की 11 सीटों पर शुक्रवार को हुए मतदान के दौरान वाराणसी के सदर तहसील मतदान केंद्र पर जमकर हंगामा और धक्का-मुक्की हुई।

जानकारी के मुताबिक समाजवादी पार्टी के स्नातक प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा दोपहर करीब 1 बजे अपने समर्थकों के साथ बूथों का दौरा कर रहे थे। इसी दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन पर बूथ के अंदर चुनाव प्रचार करने और वोट मांगने का आरोप लगाते हुए आपत्ति जताई।

आरोप है कि इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में पहले कहासुनी, फिर धक्का-मुक्की और नारेबाजी शुरू हो गई। इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों से भी कार्यकर्ताओं की झड़प हुई। तहसील परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।

सपा ने प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप

घटना के बाद सपा के पूर्व मंत्री मनोज राय धूपचंडी ने प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि मतदान केंद्र की वीडियो रिकॉर्डिंग की जांच होनी चाहिए और यदि चुनाव प्रभावित हुआ है तो चुनाव निरस्त कर दोबारा मतदान कराया जाए।

वहीं चंदौली के सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ता पुलिस के सहारे माहौल बिगाड़ रहे हैं।

दूसरी तरफ आशुतोष सिन्हा ने कहा कि प्रत्याशी होने के नाते बूथों का दौरा करना उनका अधिकार है।

बता दें कि शुक्रवार को 11 MLC सीटों पर 55.24% मतदान हुआ है। वाराणसी के अलावा आगरा, गोरखपुर, मुजफ्फरनगर, झांसी समेत 32 जगहों पर भाजपा-सपा में भिड़ंत की खबर है। अब 27 अक्टूबर को मतगणना होगी।