हॉर्न बजाने पर बवाल: वाराणसी में पड़ोसियों ने घर में घुसकर युवक को पीटा, मोबाइल तोड़ा, अंगूठी लूटी

वाराणसी के मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के जलालीपट्टी गांव में अपने दरवाजे पर हॉर्न बजाने को लेकर विवाद हो गया। पड़ोसियों ने घर में घुसकर युवक को पीट-पीटकर लहूलुहान कर दिया, मोबाइल तोड़ा और सोने की अंगूठी लूट ली।

हॉर्न बजाने पर बवाल: वाराणसी में पड़ोसियों ने घर में घुसकर युवक को पीटा, मोबाइल तोड़ा, अंगूठी लूटी

जयचंद 

वाराणसी। मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के जलालीपट्टी गांव में मामूली हॉर्न बजाने को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। अपने ही दरवाजे पर हॉर्न बजाना एक युवक को भारी पड़ गया।

पीड़ित विजय तिवारी पुत्र गौरीशंकर तिवारी ने बताया कि वह अपने काम से घर लौटे थे। उनके ठीक पीछे उनका भतीजा रोहन तिवारी भी अपनी गाड़ी से आया और घर का गेट खुलवाने के लिए हॉर्न बजाया।

हॉर्न की आवाज सुनकर पड़ोस में रहने वाले अखिलेश शर्मा उर्फ चंदन, राजकुमार शर्मा, दिलीप शर्मा, संतोष शर्मा, प्रियांशु शर्मा और तारा शंकर शर्मा अपने घरों से बाहर निकल आए और गेट पर आकर गाली-गलौज करने लगे।

विरोध करने पर आरोपियों ने रोहन तिवारी के साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे विजय तिवारी को धक्का देकर नीचे गिरा दिया और लात-घूंसों से पीटकर लहूलुहान कर दिया।

आरोप है कि हमलावरों ने मोबाइल फोन जमीन पर पटक कर पैर से कुचल दिया और हाथ में पहनी सोने की अंगूठी भी जबरन छीन ली।

जाते-जाते आरोपियों ने धमकी दी कि "घर-बार छोड़कर चले जाओ, वरना भगाकर दम लेंगे। हमारा कोई कुछ नहीं उखाड़ सकता।"

घटना के बाद पीड़ित परिवार दहशत में है। पीड़ित ने मंडुवाडीह थाने में लिखित तहरीर देकर सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और जान-माल की सुरक्षा की मांग की है।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।