झांसी में किन्नरों का अर्धनग्न होकर हंगामा, SSP ऑफिस के बाहर कपड़े उतारकर सड़क पर लेटे, गाड़ियों पर चढ़े
झांसी में SSP ऑफिस के बाहर किन्नरों ने अर्धनग्न होकर किया हाई-वोल्टेज ड्रामा। सड़क पर लेटकर, कपड़े उतारकर प्रदर्शन, होमगार्ड से मारपीट। नवाबाद के दो गुटों के विवाद के बाद हंगामा।
झांसी: डेस्क । उत्तर प्रदेश के झांसी में शनिवार को किन्नरों के एक समूह ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्यालय के बाहर जमकर हंगामा किया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर लेटकर जाम लगा दिया, पुलिस के बैरिकेड सड़क पर फेंक दिए और वाहनों पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान राहगीरों और ड्यूटी पर तैनात एक होमगार्ड के साथ मारपीट का भी आरोप लगा है।
बधाई के वर्चस्व को लेकर दो गुटों में विवाद
पुलिस के मुताबिक, इस हंगामे की जड़ नवाबाद में रहने वाले किन्नर समुदाय के दो गुटों के बीच चल रहा विवाद है। अभिषेक उर्फ अंशिका और दूसरे गुट के बबली नायक उर्फ गोलू के बीच बधाई मांगने के इलाके के बंटवारे को लेकर कई दिनों से तनाव चल रहा था।
थाने में फिनाइल पीने के बाद भड़का आक्रोश
बुधवार को इसी विवाद के सिलसिले में दोनों गुटों को नवाबाद थाने बुलाया गया था। आरोप है कि थाने के अंदर ही अभिषेक ने फिनाइल पी लिया, जिसके बाद उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराना पड़ा।
अंशिका के समर्थकों का आरोप है कि फिनाइल पीने की घटना के बावजूद पुलिस ने दूसरे गुट के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। इसी नाराजगी के चलते शनिवार को किन्नर समुदाय के लोग SSP ऑफिस के बाहर प्रदर्शन करने पहुंचे।
SSP ऑफिस के बाहर हाई-वोल्टेज ड्रामा
प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस वक्त और तनावपूर्ण हो गई जब कुछ किन्नरों ने कपड़े उतारकर विरोध जताया और सड़क पर लेट गए। उन्होंने किसी भी वाहन को आगे नहीं जाने दिया, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया और बाद में सभी को हिरासत में लेकर नवाबाद थाने ले गई।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।


