झारखंड में जल्द होगी शिक्षकों की बंपर बहाली, चंपई सोरेन का बड़ा एलान; अफसरों को दिया ये निर्देश

झारखंड में जल्द होगी शिक्षकों की बंपर बहाली, चंपई सोरेन का बड़ा एलान; अफसरों को दिया ये निर्देश

मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने राज्य के सभी सरकारी विद्यालयों में जनजातीय भाषा की पढ़ाई जल्द प्रारंभ करने पर जोर दिया है।

झारखंड विधान सभा स्थित मुख्यमंत्री कक्ष में वरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्होंने अधिकारियों से कहा कि समृद्ध स्थानीय जनजातीय भाषाओं को प्राथमिकता देते हुए स्कूलों में जनजातीय भाषा की शिक्षा उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

जनजातीय भाषा की पढ़ाई शुरू करने की तैयारियां जल्द करें- सीएम

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनजातीय भाषा की पढ़ाई के लिए संताली, हो, कुड़ुख, खड़िया, मुंडारी सहित सभी जनजातीय भाषाओं के विशेषज्ञ शिक्षकों की नियुक्ति जल्द करें। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि प्रारंभिक कक्षाओं से ही जनजातीय भाषा की पढ़ाई शुरू हो सके इस लिए सभी तैयारियां जल्द करें।

इस अवसर पर अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के मंत्री दीपक बिरुवा, अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव विनय कुमार चौबे, अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के सचिव कृपानंद झा, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव उमा शंकर सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।