Varanasi में तेंदुए की दहशत: सेंट मेरी स्कूल में CCTV में कैद, वन विभाग अलर्ट, ख़बर लिखने तक तलाश जारी
वाराणसी कैंट के सेंट मेरी स्कूल में तेंदुआ CCTV में कैद। चंदौली चंद्रप्रभा सेंचुरी से आया तेंदुआ, वन विभाग की 8 घंटे से तलाश जारी, स्कूल 2 दिन बंद।
वाराणसी। काशी में इस समय दो चीजों की चर्चा तेज है - एक आसमान में हो रहा एयर शो और दूसरा जमीन पर घूम रहा तेंदुआ। कैंटोनमेंट के पॉश इलाके स्थित सेंट मेरी स्कूल में बुधवार देर रात तेंदुआ CCTV में कैद हुआ है, जिसके बाद पूरे इलाके में दहशत है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रात करीब 2:30 बजे स्कूल के गार्डन और बेसमेंट के पास एक जानवर घूमता दिखा। सुबह स्टाफ ने जब CCTV फुटेज खंगाला तो वह तेंदुआ निकला। स्कूल प्रबंधन ने तुरंत कैंट पुलिस और वन विभाग को सूचना दी।
8 घंटे से चल रहा सर्च ऑपरेशन, टीम खाली हाथ
सूचना पर वन विभाग के दो रेंजर और 15 कर्मचारियों की टीम पिंजरा, जाल और बेहोश करने वाली गन लेकर मौके पर पहुंची। टीम ने स्कूल परिसर, झाड़ियों और आसपास के खाली प्लॉट में तलाशी ली। दोपहर 3 बजे तक की रिपोर्ट में टीम को तेंदुआ नहीं मिला और टीम खाली हाथ लौटी, लेकिन सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है।
चंदौली से आया तेंदुआ?
वन विभाग के सूत्रों के अनुसार यह तेंदुआ चंदौली स्थित चंद्रप्रभा वाइल्ड लाइफ सेंचुरी से भटक कर आया हो सकता है। यह सेंचुरी वाराणसी से महज 70 किमी दूर है। गौरतलब है कि 9 अक्टूबर को ही विभाग ने वहां 2 मादा तेंदुए छोड़े थे। पिछले एक साल में कुल 6 तेंदुए वहां छोड़े गए हैं।
स्कूल बंद, अभिभावकों में डर
एयर शो के चलते स्कूल आज वैसे भी बंद था, जिससे बड़ी अनहोनी टल गई। प्रबंधन ने एहतियातन 23 अक्टूबर तक स्कूल बंद रखने का फैसला किया है। वहीं कैंट, नदेसर, अशोक नगर के लोगों में डर का माहौल है। वन विभाग ने अपील की है कि रात में अकेले न निकलें और तेंदुआ दिखने पर 1926 या 112 पर तुरंत सूचना दें।


