पंजाब में AAP सरपंच के बेटे की गुरुद्वारे के बाहर गोली मारकर हत्या, 7-8 राउंड फायरिंग से दहला अमृतसर

अमृतसर के चीते कलां गांव में AAP सरपंच परमजीत कौर के बेटे तीरथ सिंह की गुरुद्वारे के बाहर गोली मारकर हत्या। 4 आरोपी फरार, पुरानी रंजिश और ड्रग्स विरोध बना वजह। जानें पूरा मामला।

पंजाब में AAP सरपंच के बेटे की गुरुद्वारे के बाहर गोली मारकर हत्या, 7-8 राउंड फायरिंग से दहला अमृतसर
8 राउंड फायरिंग से दहला अमृतसर गुरुद्वारा के बाहर आप सरपंच के बेटे की हत्या

चेतन शर्मा - अमृतसर: पंजाब के अमृतसर जिले के चीते कलां गांव में सोमवार रात सनसनीखेज हत्याकांड से हड़कंप मच गया। आम आदमी पार्टी की महिला सरपंच परमजीत कौर के बेटे तीरथ सिंह को गुरुद्वारे के बाहर अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी।

घटना रात करीब 7:30 बजे की है। तीरथ सिंह अपने दोस्त रंजीत सिंह के साथ गुरुद्वारे में माथा टेकने गया था। जैसे ही दोनों बाहर निकले, पहले से घात लगाकर बैठे हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। पुलिस के मुताबिक 7 से 8 राउंड फायर किए गए।

तीरथ को 2 गोलियां लगीं, मौके पर ही गंभीर घायल हो गया। लोगों ने अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उसका दोस्त रंजीत जांघ में गोली लगने से घायल है, हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

4 आरोपी फरार, FIR दर्ज

पुलिस ने मृतक के भाई करज सिंह की शिकायत पर 4 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। आरोपियों की पहचान गुरदित्त सिंह, गुरजंत सिंह, हरकिरत सिंह उर्फ हॉकी और गोरा के रूप में हुई है। सभी फरार हैं, पुलिस छापेमारी कर रही है।

SSP अमृतसर रूरल कवलप्रीत सिंह चहल ने बताया कि शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश का मामला लग रहा है। जमीन विवाद भी कारण बताया जा रहा है। गैंगवार से इनकार किया है।

ड्रग्स के खिलाफ आवाज उठाने पर हत्या?

मृतक के भाई करज सिंह जो खुद ब्लॉक समिति मेंबर हैं, ने आरोप लगाया कि उनका परिवार गांव में नशा तस्करों के खिलाफ आवाज उठाता था, इसलिए टारगेट किया गया।

सियासत गरमाई, विपक्ष ने घेरा

इस हत्याकांड के बाद पंजाब में कानून व्यवस्था पर सवाल उठे हैं। BJP नेता रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा - "अंधेरा चिराग तले! जब सरकार अपने सरपंचों का घर सुरक्षित नहीं रख सकती तो जनता को क्या सुरक्षा देगी।"

शिरोमणि अकाली दल ने भी भगवंत मान सरकार पर हमला बोला है। पिछले 2 हफ्ते में पंजाब में कई हत्याएं हुई हैं, जिसमें मोगा में डबल मर्डर और नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या भी शामिल है।

पुलिस ने कहा है आरोपियों की मोबाइल लोकेशन ट्रेस की जा रही है, जल्द गिरफ्तारी होगी। गांव में भारी पुलिस तैनात है।