शादी का झांसा देकर दुष्कर्म के आरोपी को मंडुआडीह पुलिस ने दबोचा, बरेका आवासीय परिसर से गिरफ्तारी

लहरतारा की महिला की तहरीर पर मुकदमा दर्ज, आरोपी ने बताया "मित्रता और आपसी सहमति से संबंध थे"। वाराणसी छोड़कर भागने की फिराक में था।

शादी का झांसा देकर दुष्कर्म के आरोपी को मंडुआडीह पुलिस ने दबोचा, बरेका आवासीय परिसर से गिरफ्तारी

INDIA NEWS REPORT

 जयचन्द

वाराणसी मंडुआडीह थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और जान से मारने की धमकी देने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को शनिवार तड़के बरेका (बीएलडब्ल्यू) आवासीय परिसर से दबोचा।

क्या है मामला

पुलिस के अनुसार, लहरतारा निवासी एक महिला ने 24 जुलाई को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि किशन कुमार ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।

महिला की शिकायत पर पुलिस ने किशन कुमार के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 352, 351(3) व 69 के तहत मुकदमा दर्ज किया था। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक प्रवीण सचान कर रहे हैं।

कैसे हुई गिरफ्तारी

पुलिस टीम ने 25 जुलाई की रात करीब 12:25 बजे आरोपी किशन कुमार (30), निवासी लहरतारा को बरेका आवासीय परिसर से गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि युवती से उसकी मित्रता थी और संबंध आपसी सहमति से बने थे। मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिलने के बाद वह वाराणसी छोड़कर जाने की फिराक में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

गिरफ्तारी टीम

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक प्रवीण सचान, उपनिरीक्षक विवेक यादव, फैंटम-48 के कांस्टेबल अमित कुमार तिवारी और कांस्टेबल संदीप शाह शामिल रहे। आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।