तबेले में चल रहा सरकारी स्कूल! CJP टीम पर हमले के बाद फाउंडर अभिजीत दिपके ने सरकार को दिया 48 घंटे का अल्टीमेटम
राजधानी जयपुर के बगरू स्थित रामपुरा-कंवरपुरा गांव के सरकारी प्राथमिक स्कूल को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के 'स्कूल ठीक करो' अभियान के तहत स्कूल का रियलिटी चेक करने पहुंची
जयपुर। राजधानी जयपुर के बगरू स्थित रामपुरा-कंवरपुरा गांव के सरकारी प्राथमिक स्कूल को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के 'स्कूल ठीक करो' अभियान के तहत स्कूल का रियलिटी चेक करने पहुंची टीम और स्थानीय लोगों के बीच तीखी झड़प हो गई।
CJP के सह-संयोजक आशुतोष रांका और वॉलंटियर्स का आरोप है कि यह स्कूल पिछले कई सालों से एक भैंस के तबेले जैसी जर्जर बिल्डिंग में चल रहा है। सोशल ऑडिट के दौरान उनकी टीम पर हमला किया गया और गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई।
CJP फाउंडर अभिजीत दिपके ने इस घटना के बाद वीडियो जारी कर राजस्थान की भजनलाल शर्मा सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है।
दिपके की 3 बड़ी मांगें:
1. हमलावरों की गिरफ्तारी: आशुतोष रांका और कार्यकर्ताओं पर हमला करने वाले आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए।
2. स्कूल की तुरंत मरम्मत: रामपुरा स्कूल की मरम्मत और नए क्लासरूम का काम 48 घंटे के अंदर शुरू हो।
3. प्रतिबंध वाला सर्कुलर वापस हो: शिक्षा विभाग द्वारा सरकारी स्कूलों में बिना अनुमति बाहरी लोगों की एंट्री, फोटो और वीडियोग्राफी पर लगाए गए प्रतिबंध के सर्कुलर को वापस लिया जाए।
दिपके ने चेतावनी दी है कि अगर 48 घंटे में कार्रवाई नहीं हुई तो वे खुद कार्यकर्ताओं के साथ जयपुर आकर दिल्ली के जंतर-मंतर की तर्ज पर स्कूल के बाहर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करेंगे।
दूसरा पक्ष क्या कह रहा है?
वहीं दूसरी ओर ग्रामीणों और शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के पक्ष का कहना है कि बाहरी लोग स्कूल में आकर बच्चों की प्राइवेसी भंग कर रहे थे और मामले का राजनीतिकरण किया जा रहा है। विभाग के मुताबिक स्कूल के लिए ₹12 लाख का फंड पहले ही पास हो चुका है और निर्माण प्रक्रिया में है।
फिलहाल इस मामले को लेकर बगरू क्षेत्र में तनाव बना हुआ है।


