गरीब का कनेक्शन काटकर वसूलेंगे चालान? SC के सुझाव पर वाराणसी के अधिवक्ता का तीखा तंज - क्या खून से होगी वसूली?
SC के ई-चालान को बिजली बिल से जोड़ने के सुझाव पर वाराणसी के अधिवक्ता शशांक शेखर त्रिपाठी ने तंज कसा। कहा- क्या अब खून लेकर वसूली होगी?
INDIA NEWS REPORT
वाराणसी जयचन्द
वाराणसी। ट्रैफिक ई-चालान को बिजली बिल से जोड़ने के सुप्रीम कोर्ट के सुझाव पर वाराणसी से कड़ी प्रतिक्रिया आई है। अधिवक्ता शशांक शेखर त्रिपाठी ने इसे गरीब विरोधी बताते हुए सवाल उठाया है।
शशांक शेखर त्रिपाठी ने कहा कि वह सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों के सख्ती से पालन के समर्थक हैं, लेकिन वसूली का तरीका ऐसा नहीं होना चाहिए जिससे गरीब परिवार अंधेरे में चला जाए।
उन्होंने कहा, "देश में लाखों लोग ऐसे हैं जो 500 रुपये का चालान भी भरने में असमर्थ हैं। अगर उनका चालान बिजली बिल में जोड़ दिया गया और बिल न भरने पर कनेक्शन काट दिया गया, तो उनके बच्चों की पढ़ाई, घर का राशन सब प्रभावित होगा। यह न्याय नहीं, गरीब पर दोहरी मार है।"
अपनी बात को मजबूती से रखते हुए त्रिपाठी ने तंज कसा, "अगर पैसों से वसूली नहीं हो रही तो क्या अब लोगों का खून लेकर चालान वसूला जाएगा?"
साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका खून वाला बयान पूरी तरह व्यंग्यात्मक और प्रतीकात्मक है, इसका उद्देश्य हिंसा को बढ़ावा देना नहीं है, बल्कि सरकार और सिस्टम को गरीबों की आर्थिक स्थिति के प्रति संवेदनशील बनाने के लिए है।


