Varanasi Breaking News :वाराणसी के शिवपुर रेलवे फाटक पर भीषण हादसा: अवैध गैस रिफिलिंग के दौरान फटे कई सिलेंडर, 2 KM तक गूंजी धमाके की आवाज !
वाराणसी के शिवपुर रेलवे फाटक के पास गैस चूल्हा दुकान में अवैध LPG रिफिलिंग के दौरान भीषण आग, 2-3 सिलेंडर फटने से 2 KM तक गूंजा धमाका, मौके पर फायर ब्रिगेड और पुलिस।
प्रज्ञा मिश्रा ।
वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र के शिवपुर रेलवे फाटक के पास बुधवार रात एक बड़ा हादसा हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, फाटक के पास स्थित एक गैस चूल्हा की दुकान में अवैध रूप से गैस सिलेंडर रिफिलिंग का कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग लगने के बाद दुकान में रखे कम से कम दो से अधिक सिलेंडर एक के बाद एक फट गए। धमाका इतना तेज था कि उसकी गूंज करीब 2 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
इंडिया न्यूज रिपोर्ट को मिले एक्सक्लूसिव वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि फाटक के पास 20 से 30 फीट ऊंची आग की लपटें उठ रही हैं और सड़क पर वाहन रुके हुए हैं।
घटना के बाद शिवपुर फाटक पर लंबा जाम लग गया। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग और शिवपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और आग बुझाने व भीड़ को नियंत्रित करने का कार्य शुरू किया।
फिलहाल किसी जनहानि की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस अवैध रिफिलिंग करने वाले दुकानदार की तलाश कर रही है और मामले की जांच में जुटी है।


