चक्रवात 'अर्नब' का कहर: कल सुबह आंध्र तट से टकराएगा, 140 किमी की रफ्तार से हवाएं, वाराणसी समेत पूर्वी यूपी में अलर्ट

Cyclone Arnab News: बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवात अर्नब Very Severe Cyclonic Storm बन गया है। 28 अक्टूबर सुबह आंध्र तट पर लैंडफॉल, वाराणसी समेत 7 जिलों में येलो अलर्ट, 140 किमी रफ्तार।

चक्रवात 'अर्नब' का कहर: कल सुबह आंध्र तट से टकराएगा, 140 किमी की रफ्तार से हवाएं, वाराणसी समेत पूर्वी यूपी में अलर्ट
बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवात अर्नब Very Severe Cyclonic Storm बन गया है। 28 अक्टूबर सुबह आंध्र तट पर लैंडफॉल, वाराणसी समेत 7 जिलों में येलो अलर्ट, 140 किमी रफ्तार।

डेस्क । बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवात 'अर्नब' अब विकराल रूप ले चुका है। भारत मौसम विभाग (IMD) के अनुसार सोमवार रात को यह Very Severe Cyclonic Storm में बदल गया है और कल 28 अक्टूबर बुधवार की सुबह आंध्र प्रदेश के तट से टकराने वाला है।

IMD के ताजा बुलेटिन (आज सुबह 2:30 बजे) के अनुसार चक्रवात विशाखापत्तनम से 300 किमी, काकीनाडा से 360 किमी और ओडिशा के गोपालपुर से 380 किमी दक्षिण-पूर्व में केंद्रित है और 25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम-उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ रहा है।

कहाँ और कब होगा लैंडफॉल?

मौसम विभाग ने बताया कि अर्नब 28 अक्टूबर की सुबह बापटला और विशाखापत्तनम के बीच, यनम के पास तट को पार करेगा। इस दौरान अधिकतम हवा की रफ्तार 115-125 किमी प्रति घंटा रहेगी, जबकि झोंके 140 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। तटवर्ती इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश की रेड वार्निंग जारी की गई है।

ओडिशा-आंध्र में हाई अलर्ट

आंध्र प्रदेश सरकार ने 1763 साइक्लोन शेल्टर तैयार किए हैं, 15 NDRF टीमों को तैनात किया गया है। ओडिशा के गजपति जिले में 15 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है। दोनों राज्यों में 27 से 29 अक्टूबर तक स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं और 53 ट्रेनें रद्द की गई हैं।

वाराणसी-पूर्वांचल पर असर - येलो अलर्ट जारी

चक्रवात का असर उत्तर प्रदेश तक भी दिखेगा। यूपी राहत आयुक्त कार्यालय ने 28 से 31 अक्टूबर तक के लिए एडवाइजरी जारी की है। IMD ने 28 अक्टूबर के लिए वाराणसी, मिर्जापुर, चंदौली, भदोही, गाजीपुर, बलिया और सोनभद्र में येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 30-40 किमी प्रति घंटे की तेज हवाओं के साथ गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।

इसके अलावा 29 अक्टूबर को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें कई जिलों में भारी बारिश और 40-50 किमी की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। किसानों को फसल सुरक्षित रखने और लोगों को पक्की इमारतों में रहने की सलाह दी गई है।

फिलहाल प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल IMD की आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें।