Varanasi Madanpura Fire: पेंट-झाड़ू की दुकान में भीषण आग, 3 KM तक धुएं का गुबार, दमकल ने 2 लोगों को बचाया
वाराणसी के मदनपुरा में पेंट और झाड़ू की दुकान में भीषण आग लग गई। 6 दमकल गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, 2 लोगों को सुरक्षित निकाला गया, 3 KM दूर तक दिखा धुआं।
कुलदीप बरनवाल
वाराणसी। दशाश्वमेध थाना क्षेत्र के मदनपुरा इलाके में गुरुवार दोपहर एक पेंट, झाड़ू और पैकिंग सामग्री की दुकान में भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और बगल की ज्वेलरी शोरूम और गेस्ट हाउस तक पहुंच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुकान की पहली मंजिल पर काम चल रहा था, तभी अचानक आग भड़क गई। आग इतनी भीषण थी कि 3 किलोमीटर दूर तक धुएं का गुबार दिखाई दिया। काशी विश्वनाथ धाम के गेट नंबर 4 तक धुआं पहुंचने से श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई।
सूचना मिलते ही दशाश्वमेध थाने की पुलिस और दमकल विभाग की 6 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। एसीपी अतुल अंजान त्रिपाठी ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित किया और लोगों से आगे बढ़ने की अपील की।
अग्निशमन कर्मियों ने ऑक्सीजन मास्क पहनकर इमारत के अंदर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान 6 मंजिला इमारत में फंसे दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। एक व्यक्ति को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। दुकान संजय प्रजापति की बताई जा रही है। पास में सतनाम सिंह की ज्वेलरी की दुकान होने से बड़ा हादसा टल गया।
एसीपी अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है और जान-माल का कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।


