बरेका में सतर्कता क्विज में स्टोर विभाग अव्वल: दिव्यांग कर्मचारी ने किया दीप प्रज्ज्वलन, 9 विभागों ने लिया हिस्सा
BLW Varanasi में सतर्कता जागरूकता अभियान 2026 के तहत क्विज प्रतियोगिता। स्टोर प्रथम, चिकित्सा द्वितीय, लेखा तृतीय। समावेशिता का संदेश।
INDIA NEWS REPORT
कुलदीप बरनवाल
वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में केंद्रीय सतर्कता आयोग के निर्देश पर चल रहे तीन माह के सतर्कता जागरूकता अभियान-2026 के तहत रविवार को प्राविधिक प्रशिक्षण केंद्र के ऑडिटोरियम में रोचक क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
समावेशिता के संदेश के साथ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य सतर्कता अधिकारी अंकुर चंद्रा, उप मुख्य सतर्कता अधिकारी नीरज सिंह, विधि अनुभाग में कार्यरत दिव्यांग कर्मचारी एवं मुख्य कार्यालय अधीक्षक नन्द कुमार राजू, मुख्य नर्सिंग अधीक्षक प्रतिभा कुमारी तथा कार्यालय अधीक्षक यासमीन फातिमा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस पहल ने कार्यस्थल पर समावेशिता और समान अवसर का संदेश दिया।
9 विभागों की टीमों ने लिया भाग
प्रतियोगिता में बरेका के 9 विभागों की टीमों ने हिस्सा लिया। हर टीम में 4 कर्मचारी रहे। दर्शक दीर्घा सहित कुल 60 कर्मचारियों ने भाग लिया। 6 रोचक राउंड में आयोजित प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने सतर्कता, पारदर्शिता और नियमों से जुड़े सवालों के जवाब दिए।
स्टोर, चिकित्सा और लेखा रहे विजेता
छह राउंड के बाद स्टोर विभाग ने प्रथम, चिकित्सा विभाग ने द्वितीय और लेखा विभाग ने तृतीय स्थान हासिल किया। दर्शक दीर्घा से टेक्नीशियन बाबू राज पटेल और सीनियर फार्मासिस्ट शिवेंद्र नवल ने भी शानदार जवाब देकर तालियां बटोरीं।
ईमानदारी और पारदर्शिता पर जोर
मुख्य सतर्कता अधिकारी अंकुर चंद्रा ने सभी प्रतिभागियों का आभार जताया और भ्रष्टाचार-मुक्त कार्यसंस्कृति पर जोर दिया। उप मुख्य सतर्कता अधिकारी नीरज सिंह ने कहा कि ऐसी गतिविधियों से कर्मचारियों में जवाबदेही और नैतिक मूल्यों को मजबूती मिलती है। आयोजन को सफल बनाने में मुख्य सतर्कता निरीक्षक सुधीर कुमार जैन की अहम भूमिका रही।


