वाराणसी शहर को जाम मुक्त करने को 20 चौराहों को किया गया चिन्हित, ट्रैफिक पुलिस के साथ स्थानीय पुलिस भी रहेगी उपस्थित
जाम वाले चिह्नित स्थलों के सीसी फुटेज की थानों पर लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी। संबंधित जोन के पुलिस उपायुक्त / अपर पुलिस उपायुक्त समय-समय पर चिह्नित चौराहों का भ्रमण कर एक्शन प्लान का अनुपालन सुनिश्चित कराएंगे :जयचन्द
जयचन्द
INDIA NEWS REPORT
वाराणसी में भीषण जाम की समस्या के समाधान के लिए वाराणसी पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने नया एक्शन प्लान तैयार किया है। पुलिस आयुक्त ने जाम वाले 20 प्वाइंट को चिह्नित कर वहां ट्रैफिक पुलिस के अलावा सिविल पुलिस के दो दरोगा और चार सिपाही को रोजाना दो शिफ्ट में तैनात करने का निर्देश दिया है।
पुलिस आयुक्त ने सोमवार को बताया कि चिह्नित 20 प्वाइंट पर अलग से तैनात किए जाने वाले पुलिसकर्मी सुगम यातायात में ट्रैफिक पुलिस की मदद करेंगे। संबंधित क्षेत्र के सहायक पुलिस आयुक्त और थानाध्यक्ष दिन में दो बार चिह्नित स्थान का भ्रमण कर वहां तैनात पुलिसकर्मियों की ब्रीफिंग करेंगे। चिह्नित स्थान से 200 मीटर तक नो व्हीकल जोन और नो पार्किंग के साथ ही यह सुनिश्चित कराया जाएगा कि वहां अतिक्रमण न हो।
उन्होंने बताया कि चिह्नित स्थानों पर 20-20 स्थानीय दुकानदारों / निवासियों की ट्रैफिक एडवाइजरी कमेटी का गठन किया जाएगा। कमेटी के सदस्य जाम लगने पर तत्काल संबंधित थानाध्यक्ष और यातायात हेल्प लाइन नंबर 7317202020 पर फोटो के साथ सूचना देंगे।
चिह्नित स्थलों के सीसी फुटेज की थानों पर लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी। संबंधित जोन के पुलिस उपायुक्त / अपर पुलिस उपायुक्त समय-समय पर चिह्नित चौराहों का भ्रमण कर एक्शन प्लान का अनुपालन सुनिश्चित कराएंगे।
इन 20 स्थानों पर तैनात होंगे अतिरिक्त पुलिसकर्मी
ककरमत्ता पुल, भिखारीपुर तिराहा, सुंदरपुर चौराहा, बीएचयू गेट, नगवा चौराहा/बीएचयू ट्रॉमा सेंटर चौराहा, सामने घाट पुल, टेंगरा मोड़, रामनगर चौराहा, सूजाबाद/पड़ाव चौराहा, राजघाट से नमो घाट तक, रेलवे क्रॉसिंग आदमपुर, भदऊं चुंगी रेलवे डॉट पुल, गोदौलिया चौराहा, रामापुरा चौराहा, बेनियाबाग तिराहा, गुरुचाग तिराहा, रथयात्रा चौराहा, मैदागिन चौराहा, नीमामाई तिराहा, कचहरी चौराहा।
यातायात पुलिसकर्मियों को दिया जाएगा ओआरएस
गर्मी को देखते हुए डीसीपी ट्रैफिक हृदेश कुमार ने जिले के सभी पुलिसकर्मियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। साथ ही पुलिसकर्मियों को गर्मी में बचाने के लिए छाता, चश्मा और ओआरएस का घोल वितरित किया जाएगा। ताकि चौराहों पर उन्हें परेशानी न हो। यातायात निरीक्षक पंकज कुमार तिवारी ने बताया कि शहर में ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को 150 चश्मा, 150 छाता और ओआरएस घोल वितरित किए जाएंगे। अभी तक 125 चश्मे वितरित किए जा चुके हैं।


