Varanasi: IMS BHU में कल 31 अक्तूबर से RECON 2026 का आगाज, देशभर के रेडियोलॉजी एक्सपर्ट जुटेंगे

Varanasi News: IMS BHU में 31 अक्टूबर से RECON 2026 सम्मेलन का आगाज होगा। IRIA UP Chapter के 38वें अधिवेशन में AIIMS, SGPGI, KGMU समेत देशभर के रेडियोलॉजी विशेषज्ञ शामिल होंगे।

Varanasi: IMS BHU में कल 31 अक्तूबर से RECON 2026 का आगाज, देशभर के रेडियोलॉजी एक्सपर्ट जुटेंगे
वाराणसी: IUCTE, BHU में 31 अक्टूबर से शुरू हो रहे RECON 2026 की तैयारी में जुटे आयोजक

वाराणसी: बीएचयू के चिकित्सा विज्ञान संस्थान (IMS BHU) में दो दिवसीय रेडियोलॉजी महाकुंभ की शुरुआत कल 31 अक्टूबर से होने जा रही है। इंडियन रेडियोलॉजिकल एंड इमेजिंग एसोसिएशन (IRIA) यूपी चैप्टर का 38वां वार्षिक सम्मेलन ‘RECON 2026’ इस बार IMS BHU के रेडियोडायग्नोसिस एवं इमेजिंग विभाग के तत्वावधान में आयोजित हो रहा है।

यह आयोजन इंटर यूनिवर्सिटी सेंटर फॉर टीचर एजुकेशन (IUCTE), BHU में होगा। सम्मेलन का उद्घाटन 31 अक्टूबर को शाम 4 बजे होगा। BHU के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि होंगे, जबकि चिकित्सा विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. एस. एन. संखवार सम्मेलन के संरक्षक हैं।

देश के टॉप संस्थान होंगे शामिल

आयोजन अध्यक्ष प्रो. प्रमोद कुमार सिंह, आयोजन सचिव प्रो. ईशान कुमार एवं वैज्ञानिक संयोजक प्रो. आशीष वर्मा ने बताया कि सम्मेलन में AIIMS नई दिल्ली, AIIMS ऋषिकेश, AIIMS रायपुर, SGPGI लखनऊ, KGMU लखनऊ, NIMHANS बेंगलुरु और SMS जयपुर सहित देश के प्रमुख चिकित्सा संस्थानों के रेडियोलॉजी विशेषज्ञ भाग लेंगे।

तीन सभागारों में मंथन

दो दिवसीय सम्मेलन में तीन सभागारों में एक साथ व्याख्यान, पैनल चर्चाएं और व्यावहारिक प्रशिक्षण कार्यशालाएं चलेंगी। इसमें ब्रेन ट्यूमर एवं स्ट्रोक की इमेजिंग, लिवर कैंसर का बिना ऑपरेशन उपचार, स्तन कैंसर की जांच, हृदय की MRI, पेट, हड्डियों एवं जोड़ों की इमेजिंग, बच्चों के रोगों की जांच, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्पेक्ट्रल CT, विकिरण सुरक्षा तथा PCPNDT अधिनियम जैसे अहम विषयों पर चर्चा होगी।

सम्मेलन में किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU), लखनऊ के डॉ. अनित परिहार प्रतिष्ठित पन्नालाल ओरेशन प्रस्तुत करेंगे। इसके अलावा रेजिडेंट डॉक्टरों के शोध पत्र एवं पोस्टर प्रस्तुतियां, रेडियोलॉजी क्विज तथा विभिन्न पुरस्कारों का भी आयोजन किया जाएगा।

आयोजकों के अनुसार इस सम्मेलन से रेडियोलॉजी एवं इमेजिंग के क्षेत्र में आ रही नई तकनीकों और निदान की आधुनिक विधियों से युवा चिकित्सकों को सीखने का बड़ा मौका मिलेगा।