प्रयागराज में जमीन के नीचे गड़े मिले नोटों से भरे 3 नीले ड्रम, 5 करोड़ बरामद, गांव में 60 करोड़ की चर्चा
प्रयागराज के नवाबगंज के बरईपुर में मकान के फर्श के नीचे गड़े 3 नीले ड्रमों से 5 करोड़ से ज्यादा कैश बरामद, 500 के नोटों की गड्डियां मिलीं, पुलिस और आयकर विभाग जांच में जुटा।
शिव विशाल । प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने एक घर के अंदर जमीन खोदकर नोटों से भरे तीन नीले ड्रम बरामद किए हैं।
यह पूरा मामला गंगानगर जोन के नवाबगंज थाना क्षेत्र के बरईपुर रामनगर गांव का है। 28 अक्टूबर की शाम पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि गांव निवासी राजेश यादव उर्फ बबलू और राकेश यादव उर्फ महाकाल के घर में भारी मात्रा में नकदी जमीन में छिपाकर रखी गई है।
सूचना पर DCP गंगानगर सोनम कुमार और ADCP पुष्कर वर्मा के नेतृत्व में 40 से ज्यादा पुलिसकर्मियों ने पूरे मकान को घेर लिया। सुरक्षा के लिहाज से पहले गांव की बिजली कटवाई गई, फिर मजदूर बुलाकर कमरे के फर्श की खुदाई शुरू कराई गई।
लगभग 5 फीट तक खुदाई करने पर जमीन में गड़े 3 नीले प्लास्टिक के ड्रम मिले। ड्रमों को काली मोटी पॉलिथीन की कई परतों से पैक किया गया था ताकि नोट खराब न हों।
जब ड्रमों को खोला गया तो अंदर 500-500 रुपये के नोटों की सैकड़ों गड्डियां ठूंस-ठूंस कर भरी मिलीं। पुलिस ने तुरंत वीडियोग्राफी कर तीनों ड्रमों को जब्त कर नवाबगंज थाने के मालखाने में सुरक्षित रखवा दिया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गुरुवार रात तक 4 करोड़ से ज्यादा की गिनती हो चुकी है और कुल रकम 5 करोड़ से ज्यादा होने का अनुमान है। हालांकि गांव में 60 करोड़ तक मिलने की चर्चा है, लेकिन पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस ने इस मामले में 4 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मकान को सील कर दिया है। नकदी की गिनती के लिए नोट गिनने की मशीनें मंगाई गई हैं और आयकर विभाग और अन्य एजेंसियों को सूचित कर दिया गया है।
ग्रामीणों के अनुसार, दोनों भाई करीब 15 साल तक पुणे-मुंबई में काम करते थे और 2020 में कोरोना लॉकडाउन के दौरान गांव लौटे थे। गांव लौटने के बाद उन्होंने अचानक 50 बीघा जमीन, ट्रैक्टर-ट्रॉली और आलीशान मकान बना लिया, जिससे गांव वालों को शक था।
फिलहाल पुलिस और आयकर विभाग नकदी के स्रोत और इसे छिपाकर रखने के कारणों की जांच में जुटा है।


