काशी विद्यापीठ में मिशन शक्ति फेज-6 के तहत जागरूकता कार्यक्रम, महिलाओं को दी कानूनी सुरक्षा की जानकारी
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में मिशन शक्ति फेज-6 के तहत विधि विभाग और अभियोजन विभाग वाराणसी ने जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें POCSO, साइबर अपराध और महिला सुरक्षा पर चर्चा हुई।
जयचन्द । वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के विधि विभाग एवं अभियोजन विभाग उत्तर प्रदेश व मिशन शक्ति के संयुक्त तत्वावधान में मिशन शक्ति फेज-6 के अंतर्गत जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में महिलाओं एवं बालिकाओं से संबंधित विधिक प्रावधान, पॉक्सो अधिनियम, बाल सुरक्षा, साइबर अपराध के प्रकार एवं बचाव के उपाय, व्यक्तिगत सुरक्षा, डिजिटल सुरक्षा और कार्यस्थल एवं शैक्षणिक संस्थानों में लैंगिक संवेदनशीलता पर विस्तार से चर्चा की गई।
कुलपति ने की दीपक कुमार के प्रयासों की सराहना
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. ए. के. ने कहा कि दीपक कुमार अभियोजन अधिकारी के प्रयास से यह विश्वविद्यालय और अभियोजन विभाग आज इस मंच पर एक साथ हैं। इस हेतु उन्होंने दीपक कुमार के प्रयास की प्रशंसा की और उत्तर प्रदेश शासन के इस मिशन शक्ति प्रोग्राम में आगे बढ़कर कार्य करने की भी सराहना की।
मिशन शक्ति सिगरा थाना प्रभारी काजल सिंह चौहान ने अपने अनुभव साझा करते हुए मिशन शक्ति की कार्यप्रणाली से अवगत कराया। मुख्य अतिथि अच्छे लाल यादव ने साइबर अपराध से बचाव के बारे में विस्तार से बताया और सोशल मीडिया पर महिलाओं के साथ होने वाले अपराधों के बारे में जानकारी दी।
विशिष्ट वक्ता दीपक कुमार ने महिलाओं से अपने प्रति होने वाले दुराचरण के प्रति सजग रहने और हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करने की सलाह दी। मिशन शक्ति की नोडल अधिकारी श्रीमती पूनम उपाध्याय ने कहा कि महिलाएं अबला नहीं, सशक्त नारी बनें।
अभियोजन अधिकारी मिशन शक्ति पीयूष पांडेय ने कहा कि समाज, अर्थव्यवस्था और अपराध तीनों आपस में जुड़े हैं। संयुक्त निदेशक अभियोजन हरि प्रसाद शुक्ला ने कहा कि महिलाएं जागरूक होकर समाज में अपना अद्वितीय स्थान बनाएंगी।
कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत विभागाध्यक्ष एवं संकायाध्यक्ष प्रो. रंजन कुमार एवं डॉ. शिल्पी गुप्ता, सह आचार्य विधि विभाग द्वारा मोमेंटो, शॉल एवं पुष्पगुच्छ देकर किया गया। कार्यक्रम का संचालन साक्षी पाण्डेय ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. हंसराज ने किया।


