तारीख पर तारीख सुनी थी, अब थप्पड़ पर थप्पड़! इलाहाबाद HC के कमरा नंबर 49 में वकीलों का हंगामा, कुर्सियां फेंकी

इलाहाबाद हाईकोर्ट के कमरा नंबर 49 में वकीलों का हंगामा। जस्टिस अजय भानोट की कोर्ट का बॉयकॉट, नारेबाजी और तोड़फोड़। CCTV से पहचान का आदेश।

तारीख पर तारीख सुनी थी, अब थप्पड़ पर थप्पड़! इलाहाबाद HC के कमरा नंबर 49 में वकीलों का हंगामा, कुर्सियां फेंकी
HC में हंगामा 49 में वकीलों में हाथापाई

प्रयागराज। इलाहाबाद हाईकोर्ट से एक शर्मनाक वीडियो सामने आया है। हाईकोर्ट के कमरा नंबर 49 में बुधवार को वकीलों ने जमकर हंगामा किया, जिसकी फोटोज और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है ।

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि काले कोट पहने वकील कोर्ट रूम के अंदर एक-दूसरे के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई कर रहे हैं। टेबल पर रखी केस फाइलों के बीच अफरा-तफरी मची हुई है।

क्या है विवाद की जड़?

यह बवाल मंगलवार से शुरू हुआ। जस्टिस अजय भानोट की कोर्ट में एक SP साहब आगे की कुर्सी पर बैठे थे। एक वकील ने उन्हें पीछे बैठने को कहा तो बहस हो गई। आरोप है कि जस्टिस भानोट ने उस वकील को कहा - “तुम्हें जेल भेज दूंगा, SP साहब से माफी मांगो।”

इसके विरोध में हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने जस्टिस भानोट की अदालत के बॉयकॉट का ऐलान कर दिया।

बुधवार को फूटा गुस्सा

बुधवार को जैसे ही जस्टिस भानोट कोर्ट में बैठे, वकीलों ने नारेबाजी शुरू कर दी। कोर्ट के अंदर कुर्सियां फेंकी गईं, टेबल पलटी गई।

वकील आपस में क्यों भिड़े?

सवाल उठ रहा है कि मामला जस्टिस भानोट का है तो वकील आपस में क्यों लड़े? सूत्रों के मुताबिक बार के अंदर ही दो गुट बन गए हैं। एक गुट जस्टिस भानोट की कोर्ट के पूर्ण बॉयकॉट पर अड़ा है, जबकि दूसरा गुट कह रहा है कि एक कोर्ट के विरोध में पूरे हाईकोर्ट का काम बाधित करना गलत है। इसी बहस के दौरान कोर्ट रूम में धक्का-मुक्की और हाथापाई शुरू हो गई।

हाईकोर्ट सख्त, CCTV से होगी पहचान

हंगामे पर जस्टिस अरुण कुमार सिंह देशवाल की पीठ ने सख्त आदेश दिया है। कोर्ट ने कहा - “यह आचरण अवमाननापूर्ण है।”

कोर्ट ने रजिस्ट्रार को आदेश दिया है कि CCTV फुटेज से हंगामा करने वाले वकीलों की पहचान कर रिपोर्ट पेश की जाए। पहचान के बाद मामला UP बार काउंसिल को अनुशासनात्मक कार्रवाई और अवमानना कार्यवाही के लिए भेजा जाएगा।