वाराणसी में सीवर कार्य के बाद सड़कें खोदकर छोड़ने पर EMS Limited को कानूनी नोटिस
अधिवक्ता शशांक शेखर त्रिपाठी ने 7 दिन में जवाब और सुधार कार्य की मांग की
INDIA NEWS REPORT
रिपोर्ट:-कुलदीप बरनवाल
वाराणसी, 26 सितंबर 2026। वाराणसी नगर क्षेत्र में सीवर नेटवर्क और घरों के सीवर कनेक्शन के काम के दौरान सड़कों व गलियों को खोदकर लंबे समय तक मरम्मत न करने की शिकायतों पर बड़ी कार्रवाई हुई है। अधिवक्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष - दी बनारस बार एसोसिएशन वाराणसी एवं संयोजक, भाजपा विधि प्रकोष्ठ काशी क्षेत्र शशांक शेखर त्रिपाठी ने कार्यदायी संस्था EMS Limited को कानूनी नोटिस भेजा है।
नोटिस में कहा गया है कि सीवर कार्य के बाद कई इलाकों में सड़कों का व्यवस्थित पुनर्स्थापन नहीं किया गया है। जगह-जगह मलबा पड़ा है, खुले गड्ढे हैं, जिससे नागरिकों को आवागमन, धूल-मिट्टी, जलभराव, दुर्घटनाओं और व्यापारिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। कार्यस्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड और रात में सुरक्षा व्यवस्था का भी अभाव है।
उपलब्ध सार्वजनिक निविदा रिकॉर्ड के अनुसार, यह कार्य अमृत-2.0 योजना के तहत है, जिसके एक पैकेज की अनुमानित लागत लगभग 143.79 करोड़ रुपये (GST रहित) और अवधि 730 दिन है। इसके कार्यक्षेत्र में दुर्गाकुंड, नरिया, सरायनंदन, जोल्हा उत्तरी, भेलूपुर सहित कई क्षेत्र शामिल हैं।
नोटिस में ये जानकारियां मांगी गई हैं -
टेंडर नंबर, वर्क ऑर्डर नंबर, कुल लागत, वार्ड-वार कार्यक्षेत्र, सीवर लाइन की कुल लंबाई, घरों के कनेक्शन की संख्या, कार्य की वर्तमान प्रगति, अब तक हुए भुगतान का विवरण, सड़क मरम्मत की तय समय-सीमा, सुरक्षा मानकों और लंबित कार्यों की लोकेशन-वार सूची।
श्री त्रिपाठी ने मांग की है कि जहां सीवर कार्य पूरा हो चुका है, वहां तत्काल सड़क-मरम्मत, मलबा हटाने, गड्ढों को बंद करने और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही यूपी जल निगम (नगरीय), नगर निगम वाराणसी और संबंधित विभागों की संयुक्त टीम से प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कराकर रिपोर्ट तैयार करने की भी मांग की है।
इन अधिकारियों को भी भेजी गई नोटिस की प्रति -
1. मुख्य अभियंता, उ.प्र. जल निगम (नगरीय), वाराणसी
2. अधीक्षण अभियंता, निर्माण वृत्त, उ.प्र. जल निगम (नगरीय), वाराणसी
3. अधिशासी अभियंता, निर्माण खंड-1, उ.प्र. जल निगम (नगरीय), वाराणसी
4. प्रबंध निदेशक, EMS Limited, गाजियाबाद
5. नगर आयुक्त, नगर निगम वाराणसी
6. जिलाधिकारी, वाराणसी
7. प्रमुख सचिव, नगर विकास विभाग, उ.प्र. शासन, लखनऊ
नोटिस में कंपनी से सात दिन के भीतर लिखित जवाब और सुधारात्मक कार्ययोजना देने को कहा गया है। ऐसा न होने पर सक्षम अधिकारियों के समक्ष प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई की मांग की जाएगी।
नागरिकों से अपील: श्री त्रिपाठी ने वाराणसी के नागरिकों से अपील की है कि जहां सीवर पाइप डालने के बाद सड़क खोदकर छोड़ दी गई है, मरम्मत नहीं हुई है या लापरवाही दिख रही है, उसकी फोटो/वीडियो और लोकेशन उनके व्हाट्सएप नंबर *9580426321 पर भेजें, ताकि जनहित में मामला अधिकारियों के समक्ष उठाया जा सके।


