दुष्कर्म व पाक्सो एक्ट के आरोपित मौसेरे भाई गिरफ्तार, तांत्रिक समेत दो की तलाश
महराष्ट्र की रहने वाली किशोरी से गोरखपुर के युवक से दो साल पहले दोस्ती हुई थी। युवक छत्तीसगढ़ में रहता था। जब वह घर आया तो उसने मौसेरे भाई के साथ मिलकर योजना बनाने के बाद किशोरी को गोरखपुर आने के लिए मजबूर किया। इसके बाद दोनों ने उसके साथ सवा महीने तक हैवानियत की। मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
दुष्कर्म व पाक्सो एक्ट के आरोपित मौसेरे भाइयों को गिरफ्तार कर गुलरिहा पुलिस ने जेल भेज दिया। वहीं पुलिस तांत्रिक समेत दो अन्य आरोपितों की तलाश में जुटी है।
यह है मामला
महराष्ट्र के थाणे जिले की रहने वाली किशोरी से चिलुआताल थाना क्षेत्र के रामपुर चक के मूल निवासी और छत्तीसगढ़ के लांची के मांडू के मुकुंदा बेदा में रहने वाले करन पासवान से दो वर्ष पूर्व दोस्ती हुई। घर आए करन ने यह बात अपने मौसरे भाई गुलरिहा थाना क्षेत्र के जंगल डुमरी नंबर-दो निवासी रितिक पासवान को बताई। दोनों ने मिलकर योजना बनाई। रितिक ने किशोरी को फोन कर बताया कि करन की तबीयत बहुत खराब है। इस पर किशोरी थाणे से गोरखपुर आ गई। इसके बाद दोनों ने करीब सवा महीने तक उसके साथ दुष्कर्म किया। फिर पीछा छुड़ाने के लिए संत कबीरनगर के तामेश्वरनाथ के रहने वाले तांत्रिक संतोष तिवारी के पास ले गए।
तांत्रिक ने किशोरी को ब्लैकमेल कर ऐंठे रुपये
तांत्रिक ने किशोरी को बताया कि करन के साथ रहोगी तो एक की मौत हो जाएगी। करन के साथ रहने के लिए किसी अन्य युवक से शारीरिक संबंध बनाकर वीडियो भेजना पड़ेगा। तांत्रिक के झांसे में आई किशोरी ने महाराष्ट्र पहुंच झारखंड के बेराबारू घुटू के सन्नी बादल से शारीरिक संबंध बनाकर वीडियो तांत्रिक को भेजा। तांत्रिक उसे ब्लैकमेल कर 50 हजार रुपये मांगने लगा और वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया।
किशोरी के पिता के दोस्त ने वीडियो देख जानकारी दी। पिता ने थाणे में मुकदमा दर्ज कराया। पांच सितंबर को यह मुकदमा ट्रांसफर होकर गुलरिहा थाने में आया है। जिसके बाद पुलिस ने अकटहवा पुलिया के पास से आरोपित करन पासवान व रितिक पासवान को गिरफ्तार कर न्यायालय के लिए चालान कर दिया। वहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। तांत्रिक संतोष तिवारी और झारखंड के रहने वाले चौथे आरोपित की तलाश जारी है।


