शुरू हुआ ज्ञानवापी परिसर का ASI सर्वे, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम; वाराणसी में हाई अलर्ट

Gyanvapi Survey: ज्ञानवापी में आज फिर से सर्वे शुरू हो गया है। भारी सुरक्षा के बीच यहां एएसआई की टीम पहुंची। एएसआई सर्वे को लेकर सुरक्षा सख्त कर दी गई है। बता दें कि कल हाईकोर्ट ने ज्ञानवापी पर रोक लगाने वाली मुस्लिम पक्ष की याचिका को खारिज कर दिया था। कोर्ट से हरी झंडी मिलते ही एक बार फिर से सर्वे शुरू हो गया है।

शुरू हुआ ज्ञानवापी परिसर का ASI सर्वे, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम; वाराणसी में हाई अलर्ट

ज्ञानवापी सर्वे के लिए आज का दिन अहम है। भारतीय पुरातात्विक सर्वेक्षण (एएसआइ) की टीम द्वारा ज्ञानवापी परिसर में सर्वे शुरू हो गया है। ज्ञानवापी में सर्वे को देखते हुए जिले की पुलिस और प्रशासनिक महकमा हाई अलर्ट पर है। ज्ञानवापी परिसर के पास पुलिस ने सुरक्षा कड़ी कर दी है। इसके साथ ही वाराणसी में हाई अलर्ट है।

गौरतलब है कि ज्ञानवापी में सर्वे पिछले दस दिन से रुका हुआ है। एएसआई की 43 सदस्यीय टीम ने 24 जुलाई को सर्वे के लिए पहुंची थी। सुबह सात बजे सर्वे शुरू भी हो गया था, लेकिन दोपहर लगभग 12:30 बजे सर्वे पर रोक लगाने का मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया था। उस दिन से अब तक 10 दिन सुप्रीम कोर्ट और फिर इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश से ज्ञानवापी में सर्वे का काम रुका रहा।

अब शुक्रवार से सर्वे शुरू होगा। इसको देखते हुए सभी की नजरें सोशल मीडिया पर भी बनी हुई है। राजनेताओं से लेकर आम जनता इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

 डीएम और पुलिस कमिश्नर पहुंचे ज्ञानवापी

वाराणसी। ज्ञानवापी परिसर में एएसआई सर्वे शुरू हो गया है। भारी पुलिस बल की तैनाती परिसर के बाहर है। मौके पर पुलिस महकमे के आला अधिकारी खुद मौजूद हैं। डीएम एस राजलिंगम और पुलिस कमिश्नर अशोक मुथा जैन भी ज्ञानवापी पहुंच गए हैं।

पहुंच गई ASI की टीम, थोड़ी देर में शुरू होगा सर्वे

वाराणसी। सुबह 7.40 बजे सर्वे की टीम गेट नंबर चार पर पहुंची। इस दौरान वादी महिलाओं के साथ मौजूद सोहनलाल आर्य को भीतर नहीं जाने दिया गया। पुलिस ने सोहनलाल को बाहर कर दिया है। ज्ञानवापी परिसर के सर्वे की वजह से परिसर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। परिसर के आस- पास से गुजरने वाले लोगों की जांच सुबह से चल रही है। मौके पर पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी भी मौजूद रहे।

 इलाहाबाद हाई कोर्ट ने दी थी सर्वे को हरी झंडी

वाराणसी। वाराणसी स्थित ज्ञानवापी परिसर के वैज्ञानिक सर्वे को लेकर इलाहाबाद हाई कोर्ट ने गुरुवार को महत्वपूर्ण फैसला सुनाया था। कोर्ट ने परिसर का (सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर सील वुजूखाने को छोड़कर) वैज्ञानिक सर्वे कराने पर लगी रोक हटा दी थी और जिला जज वाराणसी के 21 जुलाई, 2023 के आदेश को बहाल कर दिया था।

दोनों पक्षों को आदेश का पालन करने का भी निर्देश दिया गया है। कोर्ट के इस फैसले के बाद शुक्रवार से एक बार फिर से सर्वे शुरू किया जाएगा।