बारिश के मौसम में बढ़ जाता है जोड़ों का दर्द, तो ऐसे रखें अपना ख्याल

Monsoon Joint Pain बारिश का मौसम अपने साथ कई तरह की परेशानियां लेकर आता है। इस दौरान कुछ लोगों को खांसी-जुकाम की परेशानी होती है तो कुछ फंगल इन्फेक्शन से जूझते हैं। वहीं कुछ लोग ऐसे भी होते हैं जिन्हें जोड़ों का दर्द खूब परेशान करता है। इस आर्टिकल में हम यही जानेंगे कि मानसून सीजन में जॉइंट पेन से राहत पाने के लिए क्या करें।

बारिश के मौसम में बढ़ जाता है जोड़ों का दर्द, तो ऐसे रखें अपना ख्याल
जोड़ों के दर्द से छुटकारा पाने के लिए अपनाएं ये टिप्स

मानसून सीजन में बारिश और ताजी ठंडी हवा हर किसी के लिए रोमांटिक नहीं होती, बल्कि कुछ लोगों में यह जोड़ों के दर्द का कारण भी बन सकता है। जी हां, यह मौसम जोड़ों या हड्डियों के दर्द से पीड़ित लोगों के लिए काफी कठिन समय होता है। खासकर, गठिया से पीड़ित लोगों को मानसून के दौरान कई समस्याएं होती हैं क्योंकि उनके जोड़ों में अकड़न और दर्द बढ़ जाता है। मानसून के दौरान वातावरण में होने वाले बदलाव के कारण आमतौर पर जोड़ों के दर्द में बढ़ोतरी हो जाती है। हम इस आर्टिकल में आपको इसी से राहत पाने के लिए कुछ रेमेडीज के बारे में बताएंगे।

मानसून सीजन में जोड़ों के दर्द से राहत पाने के लिए क्या करें?

1. एक्टिव रहें

मानसून में जोड़ों के दर्द से निपटने का आसान तरीका है खुद को एक्टिव रखना। हालांकि, ज्यादा घूमने-फिरने में दर्द हो सकता है, लेकिन यह दर्द को काबू में रखने के लिए सबसे अच्छे तरीकों में से एक है। बरसात के मौसम में अपने शरीर को हिलाने-डुलाने से जोड़ों के तनाव से राहत मिल सकती है। दर्द को दूर रखने के लिए 30 मिनट तक वॉक करें।

2. वजन काबू में रखें

मानसून के दौरान घुटनों और जोड़ों की समस्याओं से बचने के लिए हेल्दी वजन बनाए रखना बेहद जरूरी है। इस समस्या से पीड़ित लोगों के लिए पैदल चलना, साइकिल चलाना और तैरना एक बेहतरीन व्यायाम है। अधिक वजन जोड़ों पर अधिक तनाव भी डालता है, जिसकी वजह से यह परेशानी बढ़ जाती है। इसलिए वजन कंट्रोल में रखें।

3. ढीले कपड़े पहनें

मानसून के दौरान ढीले कपड़े पहनें और हर समय आरामदायक रहें। घर पर आराम करने के लिए ढीली मैक्सी और धोती चुनें। अगर आप टाइट कपड़े पहनते हैं और वे गीले हो जाते हैं, तो आपको फंगल इन्फेक्शन हो सकता है, इसके अलावा शरीर को आराम नहीं मिल पाता, जिससे आपको दर्द हो सकता है।

4. हाइड्रेटेड रहें

हाइड्रेटेड रहने से आधी स्वास्थ्य समस्याएं हल हो सकती हैं। बारिश के मौसम में अक्सर लोगों में पानी कम पीने की आदत होती है, जिसके कारण डिहाइड्रेशन हो सकता है और इसके परिणामस्वरूप जोड़ों का दर्द बढ़ सकता है। अगर आप पर्याप्त पानी पीते हैं, तो इससे जोड़ों में चिकनाई बनी रहती है और उनमें दर्द भी कम रहता है।

5. तनाव मैनेज करें

दर्द के बढ़ने का एक मुख्य कारण तनाव भी हो सकता है। इसलिए ध्यान करना, गहरी सांस लेना और कुछ योग आसन करना फायदेमंद हो सकता है।