ईडी अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई से डरी हुई AAP, शराब घोटाले को लेकर भाजपा का हमला

भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने दिल्ली के शराब घोटाले को लेकर आम आदमी पार्टी पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि शराब घोटाले के आरोपित को बचाने के लिए रिश्वत लेने वाले ईडी अधिकारी व अन्य लोगों को सीबीआई ने गिरफ्तार किया है। इससे स्पष्ट है कि भ्रष्टाचारी बच नहीं सकते हैं। आप नेता लोगों को गुमराह कर रहे हैं।

ईडी अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई से डरी हुई AAP, शराब घोटाले को लेकर भाजपा का हमला
ईडी अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई से डरी हुई AAP- गौरव भाटिया

भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि शराब घोटाले के आरोपित को बचाने के लिए रिश्वत लेने वाले ईडी अधिकारी व अन्य लोगों को सीबीआई ने गिरफ्तार किया है। इससे स्पष्ट है कि भ्रष्टाचारी बच नहीं सकते हैं। देश में ईमानदार सरकार है जिससे विपक्षी नेता परेशान हैं।

केजरीवाल के खिलाफ कार्रवाई की सता रही चिंता

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेताओं को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ कार्रवाई होने की चिंता सता रही है। इस कारण वह गलत बयानबाजी कर रहे हैं। प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि आप सांसद संजय सिंह शराब घोटाले को तथाकथित घोटाला बता रहे हैं। यदि यह तथाकथित घोटाला है तो छह माह से जेल में बंद पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को अदालत से जमानत क्यों नहीं मिल रही है?

लोगों को गुमराह कर रहे AAP नेता- गौरव भाटिया

गौरव भाटिया ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने शराब घोटाले से जुड़े मामले की सुनवाई पर रोक लगाने की मांग को खारिज कर दिया है, लेकिन आप नेता लोगों को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ईडी जांच के मामलों में से 90 प्रतिशत को अदालत से सजा मिली है। सीबीआई और ईडी आपसी तालमेल के साथ काम कर रही है।

यही कारण है कि रिश्वत लेने के आरोपित अधिकारी की गिरफ्तारी हुई है। कोई गलती करेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौधरी ने मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी का स्वागत किया था। अब कांग्रेस नेता सीबीआइ व ईडी के काम पर सवाल उठा रहे हैं।

सिसोदिया व सत्येंद्र जैन को अदालत से जमानत नहीं मिल रही है, लेकिन आप नेता इसे शराब घोटाले को मगढ़ंत बता रहे हैं। यदि घोटाला मनगढ़ंत है तो उन्हें इसके विरोध में सुप्रीम कोर्ट में जाना चाहिए।