बरेका ने रचा इतिहास, FY 2026-27 का 50वां अमृत भारत पुश-पुल लोकोमोटिव तैयार; मेक इन इंडिया को नई उड़ान
बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) ने वित्त वर्ष 2026-27 में 50वें अमृत भारत पुश-पुल लोकोमोटिव का निर्माण कर रिकॉर्ड बनाया। GM आशुतोष पंत ने कहा - हर इंजन आत्मनिर्भर भारत का प्रतीक। 11,531 इंजनों का निर्माण।
वाराणसी। मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) ने एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। बरेका ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में 50वें अमृत भारत (पुश-पुल) लोकोमोटिव का निर्माण कर अपनी उत्कृष्ट उत्पादन क्षमता और तकनीकी दक्षता का लोहा मनवाया है।
अमृत भारत ट्रेनों के लिए निर्मित पुश-पुल लोकोमोटिव आधुनिक तकनीक से लैस हैं। ट्रेन के दोनों छोर पर लोकोमोटिव लगाए जाने से परिचालन में सुगमता आती है और समय की बचत होती है। इनमें अत्याधुनिक लोको कैब, सेमी-ऑटोमेटिक कपलर, क्रैशवर्दी डिजाइन और बेहतर ब्रेकिंग प्रणाली जैसी विशेषताएं इन्हें और अधिक आधुनिक और सुरक्षित बनाती हैं।
इस उपलब्धि पर बरेका महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत ने कहा कि बरेका का प्रत्येक लोकोमोटिव भारत की औद्योगिक आत्मनिर्भरता, नवाचार और तकनीकी उत्कृष्टता का प्रतीक है। पुश-पुल लोकोमोटिव का निर्माण ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को सशक्त बनाता है।
नवनिर्मित लोकोमोटिव संख्या 45336 एवं 45337 को उत्तर पश्चिम रेलवे के भगत की कोठी, जोधपुर स्थित डीजल लोको शेड के लिए भेजा गया है।
गौरतलब है कि बरेका अपनी स्थापना से अब तक कुल 11,531 रेल इंजनों के निर्माण का गौरव हासिल कर चुका है, जिनमें 3,195 इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव शामिल हैं। यह आंकड़ा भारतीय रेल के आधुनिकीकरण और स्वदेशी उत्पादन में बरेका के महत्वपूर्ण योगदान को रेखांकित करता है।


