वाराणसी में अवैध पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, सारनाथ में दो मंजिला मकान जमींदोज; 3 लोगों को मलबे से निकाला गया

वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र के पैगंबरपुर में अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट से दो मंजिला मकान ढह गया। NDRF-SDRF ने 2 बच्चे और 1 महिला को रेस्क्यू किया। एडीसीपी शिवहरी मीणा ने दी जानकारी।

वाराणसी में अवैध पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, सारनाथ में दो मंजिला मकान जमींदोज; 3 लोगों को मलबे से निकाला गया
वाराणसी के सारनाथ में ब्लास्ट ! मकान ढहा, बचाव सभी को मलबे से निकाला गया ,बचाव कार्य जारी ..

वाराणसी । डेस्क । वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है। पंचकोशी रोड स्थित पैगंबरपुर इलाके में गुरुवार शाम एक दो मंजिला मकान में जोरदार धमाके के बाद मकान भरभराकर ढह गया। यह मकान पटाखा कारोबारी राजू खान का बताया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक मकान के अंदर अवैध रूप से पटाखा बनाने की फैक्ट्री चल रही थी। दिवाली से पहले भारी मात्रा में बारूद और ज्वलनशील पदार्थ स्टोर किया गया था, जिसमें विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के 4 मकानों को भी नुकसान पहुंचा है।

घटना की सूचना मिलते ही सारनाथ पुलिस, फायर ब्रिगेड, NDRF, SDRF और मेडिकल टीम मौके पर पहुंच गई और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

इस पूरे मामले पर वाराणसी के एडिशनल कमिश्नर कानून व्यवस्था शिवहरी मीणा ने बताया, "सारनाथ थाना क्षेत्र में पुराने पुल के पास एक मकान ढहने की सूचना मिली थी। NDRF, SDRF, फायर ब्रिगेड और मेडिकल टीमें तुरंत मौके पर पहुंची। तीन लोगों - दो बच्चों और एक महिला को मलबे से निकालकर तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।"

उन्होंने आगे कहा, "NDRF और SDRF की टीमों ने शुरुआती तलाशी ली है, जिससे पता चला है कि अब कोई और मलबे में फंसा नहीं है। फिर भी एहतियात के तौर पर हम दोबारा पूरी तरह से चेक करेंगे। प्रथम दृष्टया ऐसी खबरें हैं कि यहाँ पटाखे बनाए या रखे जा रहे थे, हम इसकी पुष्टि कर रहे हैं।"

एटीएस की टीम भी मौके पर पहुंची है और जांच कर रही है। मौके पर एडीसीपी लिपि नगायच, डीसीपी वरुणा राजेश पांडेय और एसीपी सारनाथ विनय द्विवेदी भी मौजूद हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि रिहायशी इलाके में इतनी बड़ी अवैध फैक्ट्री कैसे चल रही थी, यह बड़ी लापरवाही है। पुलिस सभी जरूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर रही है।

फिलहाल मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। NDRF और SDRF की टीमें एहतियात के तौर पर दोबारा मलबे की तलाशी कर रही हैं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई और व्यक्ति मलबे में न फंसा हो। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।