सीएम नीतीश के निर्देश पर सभी सरकारी स्‍कूलों का समय बदला, शिक्षा विभाग ने जारी की अधिसूचना

सीएम नीतीश के निर्देश पर सभी सरकारी स्‍कूलों का समय बदला, शिक्षा विभाग ने जारी की अधिसूचना

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश पर राज्य के सभी सरकारी विद्यालयों का समय बदल गया है। इससे संबंधित अधिसूचना शिक्षा विभाग की ओर से मंगलवार को जारी की गई।

माध्यमिक शिक्षा निदेशक कन्हैया प्रसाद श्रीवास्तव के हस्ताक्षर से जारी अधिसूचना के मुताबिक 28 नवंबर, 2023 को जारी आदेश कि पहली घंटी 9.30 बजे शुरू होकर आठवीं घंटीं 3.30 बजे समाप्त होती थी, अब स्पष्ट किया जाता है कि पहली घंटी 10 बजे से प्रारंभ होकर आठवीं घंटी चार बजे समाप्त होगी।

अधिसूचना के मुताबिक पहली घंटी 10 बजे से 10.40, दूसरी 10.40 से 11.20, तीसरी 11.20 से 12.10, चौथी 12.10 से 12.50, पांचवीं 1.30 से 2.10, छठी 2.10 से 2.50, सातवीं 2.50 से 3.30 तथा आठवीं घंटी 3.30 से चार बजे तक संचालित होगी।

विभाग ने आदेश में कहा है कि 28 नवंबर, 2023 को जारी अन्य आदेश अब भी लागू रहेंगे। 28 नवंबर के आदेश में कहा गया है कि स्कूल में पहली घंटी के पहले प्रार्थना, व्यायाम और योगा होगा। वहीं, आठवीं घंटी के बाद 45 मिनट मिशन दक्ष के अंतर्गत विशेष शिक्षाएं चलेंगी। इसके बाद शिक्षक मिशन दक्ष के बच्चों का प्रोफाइल तैयार करेंगे।