चकिया/चंदौली:लतीफशाह बांध पर आवागमन बन्द,पीएसी की तैनाती की गई

चकिया/चंदौली:लतीफशाह बांध पर आवागमन बन्द,पीएसी की तैनाती की गई
चकिया/चंदौली:लतीफशाह बांध फ़ाइल फोटो

रिपोर्ट:अरमान खान

 चकिया/ चंदौली:लतीफशाह बांध में बीते शनिवार की घटना के बाद पुलिस प्रशासन सख्त हो गया है। डैम के दोनों छोर पर मंगलवार को पीएसी के जवानों के अलावा पुलिस का पहरा लगा दिया गया। वही बांध पर घूमने तथा पिकनिक मनाने आने वाले व आसपास गांव के लोगों के आने जाने के लिए बांध के ऊपर का रास्ता पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। जिससे अब लोग बांध के नीचे से आने-जाने लगे हैं। लतीफशाह डैम के झरने पहाड़ियां तथा हरी-भरी वादियां मनमोहक और लुभावनी हैं। जिसे देखने तथा पिकनिक मनाने के लिए चंदौली जिला के अलावा मिर्जापुर, सोनभद्र, वाराणसी, जौनपुर तथा बिहार प्रांत से लोग भी अक्सर आते रहते हैं। जबकि बरसात के दिनों में यह पिकनिक स्पॉट काफी गुलजार हो जाता है।

यहां पिकनिक मनाने के लिए आने वाले सैलानियों की बांध में नहाते वक्त हर साल आधा दर्जन से अधिक लोगों की मौत हो जाती है।

 बीते शनिवार के दिन भी इसी तरह की घटना हुई। अपने चार दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने आए वाराणसी सिविल कोर्ट के कर्मचारी सौरभ श्रीवास्तव का बांध में नहाते वक्त पानी में डूबकर मौत हो जाने की घटना के बाद प्रशासन अलर्ट हो गया है। वैसे तो बांध के दोनों छोर पर पीएससी का पहरा पहले से लगाया गया है। इसके बाद भी लोग बांध के ऊपर से आते जाते रहे, लेकिन सौरभ श्रीवास्तव की मौत ने प्रशासनिक व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है। वहीं सीढी पर लगे चैनल गेट को भी बंद कर दिया गया है। जिससे बांध पर आने जाने वाले लोग नीचे के रास्ते से आते जाते रहे। आसपास के रहने वाले लोगों का कहना है कि इस तरह की प्रशासनिक व्यवस्था डैम पर लंबे समय बाद देखने को मिली है।