वाराणसी: GST की उपायुक्त अंबिका 50 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, दादा रेस्तरां के पास विजिलेंस ने बिछाया जाल
वाराणसी में UP विजिलेंस ने GST विभाग की उपायुक्त अंबिका को ब्लैक स्मिथ इंडस्ट्रीज की फाइल निपटाने के बदले 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा। चेतगंज में हुई कार्रवाई।
INDIA NEWS REPORT
_एक सोच-एक सच_
कुलदीप बरनवाल की रिपोर्ट -वाराणसी।उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान की वाराणसी टीम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए जीएसटी विभाग की उपायुक्त अंबिका को 50 हजार रुपये नकद रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई चेतगंज स्थित दादा रेस्तरां के पास की गई।
क्या है पूरा मामला ब्लैक स्मिथ इंडस्ट्रीज प्रा. लि. के निदेशक अजय कुमार मौर्य ने सतर्कता अधिष्ठान में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में मौर्य ने आरोप लगाया कि उनकी कंपनी के फरवरी 2023 के जीएसटी रिटर्न और राज्य आगणन से संबंधित फाइल के निस्तारण के लिए उपायुक्त अंबिका ने 50 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी।
पीड़ित के अनुसार, फाइल महीनों से उपायुक्त के पास लंबित थी और बिना पैसे दिए निस्तारण नहीं किया जा रहा था। परेशान होकर निदेशक ने विजिलेंस से संपर्क किया।
इस तरह बिछाया गया जाल
शिकायत मिलने के बाद सतर्कता अधिष्ठान ने मामले की गोपनीय जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद टीम ने जाल बिछाने का प्लान बनाया। बुधवार को तय समय पर शिकायतकर्ता को उपायुक्त अंबिका को चेतगंज के दादा रेस्तरां के पास 50 हजार रुपये नकद देने के लिए भेजा गया।
जैसे ही उपायुक्त ने रिश्वत की रकम ली, पहले से घात लगाए बैठी विजिलेंस की टीम ने उन्हें धर-दबोचा। टीम ने मौके से 50 हजार रुपये की नकदी भी बरामद कर ली।
FIR दर्ज, आगे की कार्रवाई जारी
गिरफ्तारी के बाद उपायुक्त अंबिका को सतर्कता अधिष्ठान थाना, वाराणसी सेक्टर लाया गया। यहां उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। पूछताछ में और भी तथ्य सामने आ सकते हैं।
इस कार्रवाई से जीएसटी विभाग और व्यापारी वर्ग में हड़कंप मच गया है। व्यापारी संगठनों ने विजिलेंस की इस कार्रवाई की सराहना की है और कहा है कि इससे भ्रष्ट अधिकारियों को सबक मिलेगा।
देखें एक्सक्लूसिव वीडियो https://youtube.com/shorts/69G0tSMosGY?si=xX0Wf400d-Ef_Jcv


