वाराणसी: CJM कोर्ट के आदेश पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष समेत 10 पर FIR, 50 करोड़ की जमीन हड़पने का आरोप
बीमार रिटायर्ड शिक्षक को इलाज के बहाने रजिस्ट्री ऑफिस ले जाकर 70 बिस्वा जमीन और गोदाम की फर्जी रजिस्ट्री कराने का आरोप, सब-रजिस्ट्रार और लिपिक भी नामजद जयचन्द की रिपोर्ट
INDIA NEWS REPORT
वाराणसी:जयचन्द
वाराणसी। रोहनिया थाने में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) के आदेश पर भाजपा के जिला उपाध्यक्ष सुरेश कुमार सिंह समेत 10 लोगों के खिलाफ 50 करोड़ रुपये की जमीन हड़पने के मामले में FIR दर्ज हुई है।
मामला मोहनसराय निवासी प्रमिला मिश्रा की शिकायत पर दर्ज हुआ है। शिकायत में बताया गया है कि उनके पति ओम प्रकाश मिश्रा रिटायर्ड शिक्षक हैं और पिछले दो साल से किडनी की बीमारी से पीड़ित हैं। उनका नियमित डायलिसिस होता है।
आरोप क्या है?
आरोप है कि पति की बीमारी का फायदा उठाकर उनके रिश्तेदार विशाल मिश्रा और ड्राइवर रवि उपाध्याय ने आयुष्मान कार्ड बनवाने के बहाने उन्हें गंगापुर सब-रजिस्ट्रार कार्यालय ले गए। डायलिसिस के बाद अर्धचेतन अवस्था में उनसे फर्जी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान ले लिए गए।
इसी के जरिए करीब 70 बिस्वा पैतृक जमीन और एक कमर्शियल गोदाम को फर्जी सेल डीड और गिफ्ट डीड के जरिए आरोपियों के नाम ट्रांसफर करा लिया गया। शिकायत में यह भी आरोप है कि पीड़ित के नाम पर एक नया बैंक खाता खोलकर उनका रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर भी बदल दिया गया। बाद में यह पूरी संपत्ति भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुरेश सिंह को बेच दी गई।
पुलिस ने BNS की धारा 318(4) समेत अन्य सुसंगत धाराओं में 10 लोगों को नामजद किया है। इनमें सुरेश कुमार सिंह, विशाल मिश्रा, रवि उपाध्याय, वरुणापति उपाध्याय, नितेश राय उर्फ सोनू, अजय कुमार तिवारी, प्रवीण कुमार सिंह, प्रशांत कुमार सिंह, तत्कालीन सब-रजिस्ट्रार अनिल कुमार और लिपिक सत्यांशु सिंह शामिल हैं।
आरोपियों का पक्ष:
उधर भाजपा नेता सुरेश सिंह ने सभी आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि शिक्षक का अपने बेटे से पारिवारिक विवाद था, इसलिए उन्होंने अपनी मर्जी से जमीन अपने रिश्तेदार को दान की थी। उन्होंने जमीन भतीजे से नियमानुसार कानूनी प्रक्रिया से खरीदी है।
पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


