वाराणसी में चाइनीज मांझे पर वाराणसी पुलिस का एक्शन, मंडुवाडीह से एक दुकानदार गिरफ्तार, 2 किलो से ज्यादा मांझा बरामद

वाराणसी के मंडुवाडीह थाने की पुलिस ने नाथूपुर गांव से प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बेचने वाले दुकानदार हरी शंकर को गिरफ्तार किया, 2.05 KG मांझा बरामद।

वाराणसी में चाइनीज मांझे पर वाराणसी पुलिस का एक्शन, मंडुवाडीह से एक दुकानदार गिरफ्तार, 2 किलो से ज्यादा मांझा बरामद
2 किलो प्रतिबंधित मांझा के साथ गिरफ्तार

जयचन्द । वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत मंडुवाडीह पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक पतंग दुकानदार को प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बेचते हुए गिरफ्तार किया है।

पुलिस आयुक्त के निर्देश पर वरुणा जोन के DCP के निर्देशन और ACP रोहनिया के पर्यवेक्षण में ये कार्रवाई की गई।

मामला 12 अक्टूबर 2026 का है। मंडुवाडीह पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि नाथूपुर गांव में एक दुकान पर चोरी-छिपे चाइनीज मांझा बेचा जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने शाम करीब 4:30 बजे नाथूपुर गांव स्थित पतंग की दुकान पर छापा मारा।

छापेमारी के दौरान दुकान संचालक हरी शंकर पुत्र स्वर्गीय बौड़म (उम्र 50 वर्ष), निवासी नाथूपुर, थाना मंडुवाडीह को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में उसके कब्जे से एक बोरी में रखा 2.05 किलोग्राम प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बरामद हुआ।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना मंडुवाडीह में मु.अ.सं. 0350/2026, धारा 223/293/125 BNS और धारा 5/15 पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 के तहत केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में उ0नि0 विशाल कुमार सिंह, म0उ0नि0 नेहा परवीन, हे0का0 केशव प्रसाद, का0 सौरभ यादव, हे0का0 चन्द्र प्रकाश गुप्ता और का0 गौरव सिंह शामिल रहे।

गौरतलब है कि चाइनीज मांझा बेहद खतरनाक होता है और इससे न सिर्फ इंसानों और पक्षियों की जान जाती है बल्कि ये पर्यावरण के लिए भी हानिकारक है, इसीलिए शासन ने इसके बिक्री पर पूरी तरह से रोक लगा रखी है।

वाराणसी पुलिस ने लोगों से अपील की है कि प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री की सूचना तुरंत पुलिस को दें।