गोली से नही चाकु के लगातार वार से हुई थी अनीस खान की हत्या
जौनपुर में मंगलवार की शाम को धनन्जय सिंह के गनर व समर्थक मोहम्मद अनीस खान की हत्या गोली से नही बल्कि चाकू के तीन वार से की गई थी: जगदीश शुक्ला
जगदीश शुक्ला
INDIA NEWS REPORT
जौनपुर: सिकरारा रीठी बाजार में युवक की हत्या मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि उसकी मौत गोली से नहीं बल्कि दाहिने सीने पर चाकू से तीन वार करने से हुई थी। पुलिस ने मामले में हत्यारोपी पड़ोसी पिता-पुत्र समेत चार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। युवक का शव पहुंचने पर घर पर मातम छा गया, वहीं पुलिस ने तनाव को देखते हुए फोर्स तैनात कर दी है। कुछ लोगों ने मृतक को पूर्व सांसद धनंजय का समर्थक बताया।
रीठी गांव निवासी मोहम्मद अनीस खान की मंगलवार की शाम उस समय चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी, जब वह घर से बाजार के लिए निकला था। पड़ोसी युवक ने अपने साथियों संग घटना को अंजाम दिया था। घटना के समय गोली लगने की बात सामने आई थी। लोगों को लगा सीने के पास असलहा सटाकर वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस ने उसे जिला अस्पताल भेजा जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कभी एक-दूसरे के साथ रहने वाले बदली परिस्थितियों में इस स्तर तक दुश्मन बन गए कि अपना वर्चस्व कायम रखने के लिए एक पड़ोसी ने दूसरे की जान ले ली।
इस हत्याकांड के बाद एसपी डाॅ. अजयपाल शर्मा रात में ही मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेते हुए मातहतों को आवश्यक निर्देश दिए। बुधवार को दोपहर बाद अनीस का शव पोस्टमार्टम के बाद एंबुलेंस से पुलिस सुरक्षा के बीच रीठी पहुंचा तो पत्नी रेशमा बानो अपनी दो दुधमुंही बच्चियों के साथ शव पर गिर पड़ी और बेहोश हो गई। भाई हकीम व घर की अन्य महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है। लोग उन्हें ढांढस बंधाते हुए खुद विचलित हो रहे थे।
उधर क्षेत्राधिकारी सदर परमानंद कुमार बुधवार सुबह करीब आठ बजे थानाध्यक्ष यजुवेंद्र सिंह के साथ रीठी पहुंचकर शांति सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। वे मृतक के परिजनों से मिलकर उन्हें न्याय दिलाने व आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने का आश्वासन दिए।
थाना प्रभारी यजुवेंद्र सिंह ने बताया कि मंगलवार देर रात मृतक के भाई मो. हकीम की तहरीर पर पड़ोसी मो. मुस्तकीम व उसके पुत्र आतिफ उर्फ पांडू, इसी गांव के अनिकेत मिश्र व प्रिंस हरिजन पर हत्या का मुकदमा दर्जकर उनके ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।


