Varanasi: Jana Small Finance Bank में गरीब महिलाओं से ठगी, सिगरा शाखा पर 50% लोन हड़पने का आरोप, कमिश्नर से शिकायत
वाराणसी के सिगरा स्थित Jana Small Finance Bank पर गरीब महिलाओं के माइक्रो फाइनेंस लोन में धोखाधड़ी का आरोप। 55 हजार में से 25 हजार ही दिए, कमिश्नर से शिकायत।
INDIA NEWS REPORT
VARANASI DESK
वाराणसी। प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में माइक्रो फाइनेंस लोन के नाम पर गरीब महिलाओं से बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। मामला सिगरा थाना क्षेत्र के विद्यापीठ रोड स्थित जना स्मॉल फाइनेंस बैंक (Jana Small Finance Bank) शाखा का है।
पीड़ित महिलाओं का आरोप है कि बैंक कर्मचारियों ने ग्रुप लोन के नाम पर उनके नाम पर 55-55 हजार रुपये का लोन स्वीकृत कराया, लेकिन हाथ में सिर्फ 25 से 30 हजार रुपये दिए। बाकी रकम फर्जी हस्ताक्षर और अंगूठा लगवाकर हड़प ली गई। अब महिलाओं से पूरे 55 हजार की किस्त वसूली का दबाव बनाया जा रहा है।
कमिश्नर से लगाई न्याय की गुहार
सोमवार को लोहता क्षेत्र की दर्जनों पीड़ित महिलाएं पहले सिगरा थाने पहुंची और फिर पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचकर कमिश्नर को लिखित शिकायत सौंपी। महिलाओं ने दोषी बैंक कर्मियों के खिलाफ FIR दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस कमिश्नर ने मामले में निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
कैसे होता था खेल?
पीड़ितों के अनुसार: कागज पर 55 हजार का लोन पास, भुगतान के समय 25-30 हजार नकद देकर बाकी के दस्तावेजों पर धोखे से साइन करा लेना, सिस्टम में पूरा पैसा वितरित दिखा देना और बाद में पूरी रकम की वसूली के लिए दबाव बनाना ही इनका तरीका था।
महिलाओं का कहना है कि वे दिहाड़ी मजदूरी और छोटे-मोटे काम से परिवार चलाती हैं, लोन आत्मनिर्भर बनने के लिए लिया था, लेकिन अब कर्ज के जाल में फंस गई हैं।


