वाराणसी की फेमस इन्फ्लुएंसर निधि तिवारी ने सिंगरौली में फांसी लगाकर दी जान, FB पर 9 लाख फॉलोअर्स, सुसाइड से पहले लिखी थी ये भावुक पोस्ट
Varanasi ki social media influencer Nidhi Tiwari ne Singrauli me fansi lagakar jan de di. 9 lakh FB followers, Miss Pretty India 2024 winner Nidhi ki maut se pehle emotional post viral.
INDIA NEWS REPORT
कुलदीप बरनवाल
वाराणसी / सिंगरौली। उत्तर प्रदेश के वाराणसी की रहने वाली मशहूर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर निधि तिवारी (30 वर्ष) ने मध्य प्रदेश के सिंगरौली में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। रविवार सुबह 28 सितंबर 2026 को उनका शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद सोशल मीडिया पर शोक की लहर है।
सिंगरौली के भूसा मोड़ में रहती थीं निधि
प्राप्त जानकारी के अनुसार निधि मूल रूप से वाराणसी की रहने वाली थीं, लेकिन पिछले कई सालों से अपनी मां लता तिवारी और छोटी बहन के साथ सिंगरौली के मोरवा थाना क्षेत्र के भूसा मोड़ इलाके में रह रही थीं। उनके पिता अशोक तिवारी परिवार से अलग रहते हैं।
27 सितंबर की रात क्या हुआ था?
मां लता तिवारी ने पुलिस को बताया कि शनिवार रात 8 बजे दिल्ली/पंजाब निवासी सोनू सिंह नाम के युवक से निधि की फोन पर कहासुनी हुई थी। इसी के बाद निधि ने अपने फेसबुक पर एक इमोशनल पोस्ट शेयर किया।
पोस्ट में लिखा था - _"इस अधूरे से दिल को किसी ने पूरा नहीं किया, मैंने खुद से पूरा कर दिया। इसलिए कहा जाता है खुद से प्यार करो किसी और से नहीं, खुद में खुद को तलाश करो।"_
रात 9-10 बजे परिजनों ने खाना खाने के लिए कहा तो उन्होंने मना कर दिया और खुद को अकेला छोड़ने को कहा।
रविवार सुबह देर तक दरवाजा न खुलने पर परिजनों ने मोरवा पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतारा।
9 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे
निधि सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव थीं। डांस वीडियो और रील्स बनाती थीं। उनके फेसबुक पर 9.28 लाख और इंस्टाग्राम पर 7.12 लाख फॉलोअर्स थे। साल 2024 में उन्होंने 'मिस प्रिटी इंडिया' का खिताब भी जीता था और फिल्मों में जाने का सपना देख रही थीं।
पड़ोसियों के मुताबिक निधि की बड़ी बहन ने भी करीब 5 साल पहले कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली थी।
पुलिस जांच में जुटी
मोरवा थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल, चैटिंग और सोशल मीडिया अकाउंट की जांच कर रही है।


