बरेका में 67वीं अखिल भारतीय अंतर-रेलवे कुश्ती प्रतियोगिता का भव्य समापन, पश्चिम रेलवे का रहा दबदबा

ग्रीको रोमन एवं फ्री स्टाइल दोनों वर्गों में पश्चिम रेलवे बनी ओवरऑल चैंपियन, बरेका के पहलवानों ने जीते तीन रजत और दो कांस्य पदक

बरेका में 67वीं अखिल भारतीय अंतर-रेलवे कुश्ती प्रतियोगिता का भव्य समापन, पश्चिम रेलवे का रहा दबदबा

                             INDIA NEWS REPORT 

कुलदीप बरनवाल 

वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के कुश्ती केंद्र में आयोजित 67वीं पुरुष अखिल भारतीय अंतर-रेलवे कुश्ती प्रतियोगिता-2026-27 का गुरुवार, 01 अक्टूबर 2026 को उत्साह और रोमांच के बीच भव्य समापन हुआ। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में पश्चिम रेलवे के पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ग्रीको रोमन एवं फ्री स्टाइल, दोनों वर्गों में ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की।

प्रतियोगिता में उत्तर रेलवे ने दोनों वर्गों में द्वितीय तथा उत्तर पश्चिम रेलवे ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मेजबान बरेका के पहलवानों ने भी दमदार प्रदर्शन करते हुए तीन रजत एवं दो कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने विजेता टीमों एवं पदक विजेता पहलवानों को ट्रॉफी, मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों के अनुशासन, कठिन परिश्रम और खेल भावना की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

रोमांचक मुकाबलों में पहलवानों ने दिखाया दमखम

अंतिम दिन हुए मुकाबलों में फ्री स्टाइल के 97 किग्रा में पश्चिम रेलवे के प्रवीण कुमार ने स्वर्ण, आरपीएफ के हरदीप सिंह ने रजत जीता। फ्री स्टाइल के 74 किग्रा में पश्चिम रेलवे के सौरभ सहरावत ने स्वर्ण तथा उत्तर रेलवे के यश ने रजत पदक जीता, जबकि बरेका के मुन्ना यादव ने कांस्य पदक हासिल किया।

ग्रीको रोमन के 82 किग्रा में उत्तर मध्य रेलवे के अमन ने स्वर्ण और पश्चिम रेलवे के रोहित दहिया ने रजत जीता। 63 किग्रा वर्ग में उत्तर पश्चिम रेलवे के संदीप ने स्वर्ण, पश्चिम रेलवे के रुपिन ने रजत पदक जीता।

13 रेलवे टीमों के पहलवानों ने लिया हिस्सा

29 सितंबर से 01 अक्टूबर तक चली इस प्रतियोगिता में भारतीय रेल की कुल 13 टीमों ने हिस्सा लिया। इसमें फ्री स्टाइल एवं ग्रीको रोमन की कुल 20 भार श्रेणियों में मुकाबले हुए। प्रतियोगिता में ओलंपियन एवं अर्जुन पुरस्कार विजेता पहलवानों की उपस्थिति विशेष आकर्षण रही।

महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक क्षमता का विकास करते हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना को भी मजबूत बनाते हैं। समारोह में बरेका खेलकूद संघ के अध्यक्ष मनीष कुमार सहित सभी प्रमुख विभागाध्यक्ष, अधिकारी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।