पंजाब में एंटी-ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह "झोटा" की कैमरे पर हत्या, मेडिकल स्टोर संचालक फरार, वीडियो वायरल
पंजाब के मानसा में एंटी-ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की मेडिकल स्टोर संचालक ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात Facebook Live पर कैद, वीडियो वायरल।
INDIA NEWS REPORT
पंजाब डेस्क: मानसा। पंजाब के मानसा जिले से सनसनीखेज वारदात सामने आई है। नशे के खिलाफ मुहिम चलाने वाले चर्चित एंटी-ड्रग एक्टिविस्ट और पूर्व कबड्डी खिलाड़ी परविंदर सिंह झोटा की मंगलवार सुबह एक मेडिकल स्टोर पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या की पूरी वारदात उनके फेसबुक लाइव के दौरान लाइव कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, परविंदर झोटा को सूचना मिली थी कि मानसा के एक मेडिकल स्टोर पर प्रतिबंधित सिंथेटिक ड्रग्स खुलेआम बेची जा रही हैं। वह एक युवक को साथ लेकर दुकान पर पहुंचे थे, जिसने आरोप लगाया कि उसी सुबह उसी स्टोर से उसे नशीली दवा बेची गई थी।
मेडिकल स्टोर पर पहुंचकर परविंदर झोटा ने संचालक अश्वनी कुमार से नशीली दवाएं बेचने को लेकर सवाल-जवाब शुरू किया और पूरी घटना को अपने मोबाइल फोन पर फेसबुक लाइव करना शुरू कर दिया। दोनों के बीच करीब 4 मिनट तक बहस चली।
वायरल वीडियो में साफ सुना जा सकता है कि झोटा दुकानदार से सीसीटीवी फुटेज दिखाने और डीएसपी को फोन करने की बात कह रहे हैं। इसी दौरान गुस्साए दुकानदार ने काउंटर से अपनी लाइसेंसी पिस्तौल निकाल ली। वीडियो में झोटा कहते सुनाई दे रहे हैं - "इसने पिस्तौल निकाल ली है..." और अगले ही पल आरोपी ने बेहद करीब से ताबड़तोड़ 4-5 राउंड फायर कर दिए।
गोली लगने से गंभीर रूप से घायल परविंदर झोटा को स्थानीय लोगों ने तुरंत मानसा सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस फायरिंग में उनके दो साथी भी घायल हुए हैं। घटना के बाद आरोपी मेडिकल स्टोर संचालक दुकान बंद कर मौके से फरार हो गया।
कौन थे परविंदर सिंह झोटा?
परविंदर सिंह झोटा मानसा के काफी चर्चित चेहरे थे। वह कबड्डी के पूर्व खिलाड़ी थे और पिछले 5-6 सालों से 'एंटी ड्रग टास्क फोर्स' के नाम से संगठन चलाकर नशे के खिलाफ अभियान चला रहे थे। वह अक्सर मेडिकल स्टोरों पर जाकर स्टिंग ऑपरेशन करते और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालते थे। अपने आक्रामक तरीकों के कारण वह पहले भी कई बार विवादों में रह चुके हैं।
पुलिस का एक्शन:
मानसा के एसएसपी वैभव चौधरी ने बताया कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसे पकड़ने के लिए 3 विशेष टीमें गठित की गई हैं। आरोपी को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, इस घटना के बाद पूरे पंजाब में कानून-व्यवस्था को लेकर सियासत तेज हो गई है।


