IDC-2026: बनारस रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ बैंड का भव्य प्रदर्शन, यात्री झूमे देशभक्ति गीतों पर ।

स्वतंत्रता दिवस से पहले बनारस स्टेशन बना देशभक्ति का मंच, आरपीएफ बैंड की प्रस्तुति ने बांधा समां खबर

IDC-2026: बनारस रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ बैंड का भव्य प्रदर्शन, यात्री झूमे देशभक्ति गीतों पर ।

वाराणसी: स्वतंत्रता दिवस समारोह IDC-2026 के उपलक्ष्य में रविवार को बनारस रेलवे स्टेशन पर देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। रेलवे सुरक्षा बल, पोस्ट बनारस द्वारा स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या-8 पर स्थित सेल्फी प्वाइंट यात्री हाल में एक भव्य आरपीएफ बैंड प्रदर्शन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम दोपहर 12:30 बजे से 2:30 बजे तक चला। मुख्यालय गोरखपुर से आई आरपीएफ बैंड टीम ने एक से बढ़कर एक देशभक्ति गीतों से पूरे स्टेशन परिसर को देशप्रेम के रंग में सराबोर कर दिया। प्रभारी निरीक्षक आरपीएफ पोस्ट बनारस श्री राजेश कुमार के नेतृत्व में हुए इस कार्यक्रम का आयोजन प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त गोरखपुर एवं वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त वाराणसी के निर्देशों पर किया गया। *इन गीतों पर झूमे यात्री* बैंड ने “वन्दे मातरम्”, “जहाँ डाल-डाल पर चिड़िया करती है बसेरा, वो भारत देश है मेरा”, “दिल दिया है जान भी देंगे ऐ वतन तेरे लिए” और “तलवारों पर सर वार दिए... केशरी रंग सजाया है” जैसे गीत प्रस्तुत किए। धुन बजते ही यात्री, विदेशी पर्यटक, रेलकर्मी और पुलिसकर्मी तालियां बजाते नजर आए। कई यात्री गीतों की लय पर झूमते भी दिखे। 

अतिथियों ने की सराहना कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सहायक सुरक्षा आयुक्त छपरा श्री अजय कुमार और विशिष्ट अतिथि प्रभारी निरीक्षक SHO मडुआडीह श्री अजय राज वर्मा मौजूद रहे। दोनों ने आरपीएफ बैंड की अनुशासित प्रस्तुति की तारीफ की। अतिथियों ने कहा कि ऐसे आयोजन न सिर्फ राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करते हैं, बल्कि रेल यात्रियों और कर्मचारियों के बीच सकारात्मक माहौल भी बनाते हैं। कार्यक्रम में बनारस स्टेशन के विभिन्न विभागों के अधिकारी, सुपरवाइजर, जीआरपी, सिविल पुलिस और आरपीएफ के जवान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के बीच पूरा आयोजन शांतिपूर्ण और गरिमामय ढंग से संपन्न हुआ। रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट बनारस के अनुसार यह कार्यक्रम IDC-2026 की श्रृंखला का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसका उद्देश्य यात्रियों और आम नागरिकों में राष्ट्रीय एकता और गौरव की भावना को बढ़ाना है।