वाराणसी एयरपोर्ट पर लाइसेंसी पिस्टल से दुर्घटनावश चली गोली, 2 कर्मी घायल, शिवसेना नेता कमलेश राय हिरासत में
रक्षा जांच के दौरान हादसा - मैगजीन अलग करते समय चला ट्रिगर, महिला और पुरुष कर्मचारी घायल
वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बाबतपुर में रविवार सुबह सुरक्षा जांच के दौरान एक लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चलने से हड़कंप मच गया। इस हादसे में एयरपोर्ट के दो कर्मी घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी यात्री को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
क्या हुआ ?
घटना सुबह करीब पौने 10 बजे की है। आजमगढ़ के रामगढ़ निवासी और मुंबई के मरोल क्षेत्र में दो होटलों के मालिक कमलेश राय अपनी पत्नी सुषमा राय के साथ एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट से मुंबई जा रहे थे।
सुरक्षा जांच के दौरान नियम के अनुसार लाइसेंसी पिस्टल को पायलट केबिन में सील करने के लिए मैगजीन अलग की जा रही थी। इसी दौरान ट्रिगर दब जाने से गोली चल गई।
गोली लगने से एक महिला कर्मचारी के पैर में चोट आई है, जबकि एक पुरुष स्टाफ के हाथ को गोली छूकर निकल गई। दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई -
एयरलाइंस स्टाफ सुनील कुमार सिंह की तहरीर पर एयरपोर्ट प्रशासन मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी कर रहा है। पुलिस को तहरीर मिल चुकी है और विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने बताया कि कमलेश राय के पास ऑल इंडिया लाइसेंस ले जाने का वैध परमिट था और उन्होंने इसकी उद्घोषणा भी की थी। प्राथमिक तौर पर इसे एक्सिडेंटल फायरिंग माना जा रहा है।
लापरवाही बरतने के आरोप में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा सकता है। साथ ही कमलेश राय के शस्त्र लाइसेंस को निलंबित करने की प्रक्रिया भी अपनाई जाएगी।
सुरक्षा के मद्देनजर एयरपोर्ट के अंदर प्रवेश को फिलहाल सीमित कर दिया गया है। एलआईयू और आईबी की टीम भी कमलेश राय से पूछताछ कर रही है।
कौन हैं कमलेश राय ?
कमलेश राय शिवसेना के नाथ शिंदे गुट में उपनेता हैं। वह शिवसेना से चार बार मुंबई में नगर सेवक रह चुके हैं। उनकी पत्नी भी दो बार नगर सेवक रह चुकी हैं और अब उनका बेटा भी राजनीति में सक्रिय है। पहले वह एक सुरक्षा एजेंसी चलाते थे। शिवसेना में विभाजन के बाद वह कुछ समय कांग्रेस में भी रहे थे।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और एयरपोर्ट पर सुरक्षा प्रोटोकॉल की समीक्षा की जा रही है।
एडीसीपी नीतू कादयान ने घटना के बारे में व कार्यवाही के बारे में जानकारी दी।


