सहारनपुर: धार्मिक पहचान पर हमला, पंडित की चोटी काटी, सिर-भौंह के बाल मुंडे, वीडियो वायरल

धार्मिक भावनाएं आहत, पुलिस ने दर्ज किया केस आरोपियों की तलाश जारी

सहारनपुर: धार्मिक पहचान पर हमला, पंडित की चोटी काटी, सिर-भौंह के बाल मुंडे, वीडियो वायरल
A I image

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के कमालपुर गांव में एक पंडित के साथ मारपीट, जबरन चोटी काटने और ट्रिमर से सिर व भौंह के बाल उड़ाकर अपमानित करने का गंभीर मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ब्राह्मण संगठनों में भारी आक्रोश है और मामला शासन स्तर तक पहुंच गया है।

क्या है पूरा मामला

पीड़ित की पहचान सुशील कुमार शर्मा के रूप में हुई है, जो कमालपुर गांव के रहने वाले हैं। 29 जुलाई की रात को कुछ युवकों से कहासुनी के बाद 4 आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज और गंभीर मारपीट की। आरोप है कि आरोपियों ने जबरन पीड़ित की धार्मिक पहचान यानी चोटी को काट दिया और मूंछ व सिर के बाल भी मुंडवा दिए।

आरोपियों ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिससे पीड़ित को सामाजिक रूप से काफी अपमान झेलना पड़ा।

पुलिस की कार्रवाई

वीडियो वायरल होने और पीड़ित की शिकायत के बाद फतेहपुर थाना पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है और लगातार दबिश दी जा रही है।

ब्राह्मण संगठनों में आक्रोश

इस घटना के बाद विभिन्न ब्राह्मण संगठनों ने कड़ी नाराजगी जताई है। इसे धार्मिक आस्था और व्यक्तिगत गरिमा पर चोट माना जा रहा है। संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपियों पर जल्द से जल्द सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं की गई तो वे बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन करेंगे। शासन स्तर पर भी इस मामले की निगरानी की जा रही है।