लूटकांड के आरोपित की पुलिस हिरासत में मौत, दो गंभीर; थानाध्यक्ष निलंबित
Muzaffarpur News देवरिया थाना क्षेत्र में गुरुवार को दो सीएसपी संचालकों से लूट मामले में पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया था जिसमें एक की मौत हो गई। स्वजन ने आरोप लगाया कि पुलिस हिरासत में तीनों की जमकर पिटाई की गई। दो की हालत गंभीर है। मामले में प्रथम दृष्टया लापरवाही पाते हुए देवरिया थानाध्यक्ष उदय कुमार को निलंबित कर दिया गया है।
मुजफ्फरपुर के देवरिया थाना क्षेत्र में गुरुवार को दो सीएसपी संचालकों से लूट मामले में पुलिस ने छापेमारी कर मुहब्बतपुर के मो. शराफत अली उर्फ गोलू, मो. इम्तेयाज और लखनौरी गांव के मो.नौशाद को हिरासत में लिया। ये तीनों लूटकांड के नामजद आरोपित बनाए गए थे।
स्वजन ने आरोप लगाया कि पुलिस हिरासत में तीनों की जमकर पिटाई की गई। गंभीर स्थिति में शराफत अली को श्रीकृष्ण चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) में भर्ती कराया गया। वहां शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। इसकी सूचना मिलते ही ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उग्र लोगों के भय से देवरिया थाने का गेट बंद कर वहां तैनात पुलिस अधिकारी व जवान भाग निकले।
पिटाई से दो की हालत गंभीर
आक्रोशितों ने तीन घंटे तक देवरिया थाने का घेराव किया और सड़क जाम कर हंगामा किया। पुलिस अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। उनका आरोप था कि साजिश के तहत पिटाई कर शराफत की हत्या की गई है। पुलिस की पिटाई से दो की स्थिति गंभीर है। सूचना पर सिटी एसपी अरविंद प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ देवरिया पहुंचे। गंभीर रूप से घायल युवकों को एसकेएमसीएच भेजा।
लापरवाही के आरोप में थानाध्यक्ष निलंबित
हालांकि, स्वजन ने दो को बैरिया स्थित एक निजी अस्पताल भर्ती कराया है। अनियंत्रित स्थिति की सूचना पर एसएसपी राकेश कुमार भी वहां पहुंचे। इसके बाद स्थित पर नियंत्रण पाया गया। मामले में प्रथम दृष्टया लापरवाही पाते हुए देवरिया थानाध्यक्ष उदय कुमार को निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि मजिस्ट्रेट की तैनाती में चिकित्सकों के मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया जाएगा।


