सिवान में दो बाइक पर आए बदमाशों ने गोदाम में घुस कर युवक को मारी गोली, हवाई फायरिंग कर हुए फरार

रघुनाथपुर थाना मुख्यालय स्थित मोतीचक के समीप दो बाइक पर सवार आधा दर्जन बदमाशों ने शनिवार की सुबह गोदाम में घुसकर एक युवक को गोली मारकर घायल कर दिया। गोली मारने के बाद बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। भागने के क्रम में बदमाशों ने एक अन्य युवक से बाइक छीनने के दौरान उसको भी पिस्टल के बट से मारकर घायल कर दिया।

सिवान में दो बाइक पर आए बदमाशों ने गोदाम में घुस कर युवक को मारी गोली, हवाई फायरिंग कर हुए फरार

रघुनाथपुर थाना मुख्यालय स्थित मोतीचक के समीप दो बाइक पर सवार आधा दर्जन बदमाशों ने शनिवार की सुबह गोदाम में घुसकर एक युवक को गोली मारकर घायल कर दिया। गोली मारने के बाद बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए।

भागने के क्रम में बदमाशों ने एक अन्य युवक से बाइक छीनने के दौरान उसको भी पिस्टल के बट से मारकर घायल कर दिया। घायल की पहचान थाना क्षेत्र आदमपुर निवासी पुनंजय सिंह के पुत्र सौरभ सिंह के रूप में हुई है।

सौरभ के पेट और जांघ में लगी गोली

वहीं, दूसरा घायल सारण का प्रभुनाथ नगर निवासी सचिन कुमार है। स्थानीय लोगों की मदद से सौरभ को प्राथमिक उपचार के लिए रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सक ने स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया, जहां से उसे पीएमसीएच रेफर कर दिया गया है।

चिकित्सकों की माने तो गोली सौरभ के पेट व जांघ में लगी है। वहीं, सचिन का इलाज स्थानीय अस्पताल में कराया गया। बताया जाता है कि सौरभ कुमार सिंह आरके एंटरप्राइजेज का संचालक है और पुरानी बाइक की खरीद-बिक्री का काम करता है।

दो बाइक पर आए थे 6 बदमाश

शनिवार की सुबह वह मोतीचक स्थित अपने गोदाम में था। इसी दौरान दो बाइक पर सवार छह की संख्या में हथियार से लैस बदमाश पहुंचे और गोदाम में घुसकर उसके ऊपर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।

इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली की आवाज सुनकर अभी लोग कुछ समझ पाते तबतक बदमाश हथियार लहराते हुए भाग निकले।

भागने के क्रम में बदमाशों ने राजपुर मोड़ पर मिठाई की दुकान पर खड़े सारण निवासी सचिन कुमार की बाइक छीनने को लेकर उसके सिर पर पिस्टल की बट से हमला कर दिया।

इसके बाद बदमाश करीब सात-आठ राउंड फायरिंग करते हुए आंदर की ओर भाग निकले। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गई। साथ ही बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी।