रक्षाबंधन पर बहनों का अनोखा तोहफा, सीमा पर तैनात जवानों के लिए भेजीं 300 हाथ से बनी राखियां
10 वर्षो से वाराणसी की संस्था आइडियल वूमेन वेलफेयर सोसायटी द्वारा सीमा पर तैनात जवानों को भेजी जाती है राखी, ग्रामीण महिलाये छात्राये तैयार करती है राखियां।
INDIA NEWS REPORT
रिपोर्ट :-कुलदीप बरनवाल
रोहनिया / वाराणसी: रक्षाबंधन के पावन पर्व पर जहां हर बहन अपने भाई की कलाई पर राखी बांधती है, वहीं आइडियल ह्यूमन वेलफेयर सोसाइटी, भुल्लनपुर की बहनों ने देश की सीमा पर दिन-रात हमारी रक्षा करने वाले वीर जवानों के लिए एक मिसाल पेश की है।
संस्था से जुड़ी बहनों ने अपने हाथों से 300 रंग-बिरंगी राखियां बनाकर सरहद पर तैनात सैनिक भाइयों के लिए भेजी हैं।
संस्था की छात्राओं - गुंजन सोनकर, आर्निका, बबली, सविता और साधना ने बताया कि यह सिर्फ एक धागा नहीं है, बल्कि हम बहनों की दुआएं हैं। इन राखियों को उन्होंने रक्षा, चावल, रुद्राक्ष, सितारा और मोती से बड़ी ही श्रद्धा और प्रेम के साथ तैयार किया है।
संस्था की अध्यक्ष बीना सिंह ने कहा कि जो वीर जवान दिन-रात हमारी रक्षा करते हैं, उनके लिए यह एक छोटा सा सम्मान है। हमारा मकसद है कि सीमा पर तैनात हर जवान को यह एहसास हो कि पूरा देश उनके साथ है और उनकी बहनें उनकी लंबी उम्र और सुरक्षा की कामना कर रही हैं।
इस नेक कार्य में संस्था की अहरौरा शाखा से प्रो. रीना शर्मा ने डॉ. कुबेर सिंह स्नातकोत्तर महाविद्यालय, भईपुर-कला, मीरजापुर की छात्राओं से राखी बनवाकर सराहनीय कार्य किया। वहीं इमिलिया चट्टी ब्रांच से आकांक्षा ने ग्राम जमुहार की छात्राओं से राखी बनवाकर भेजी।
अंत में बीना सिंह और शिल्पी गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय जनसंपर्क कार्यालय प्रभारी शिव शरण पाठक को सभी 300 राखियां सौंपीं, ताकि ये राखियां सीमा पर तैनात जवानों तक पहुंचाई जा सकें।
संस्था के इस कदम की क्षेत्र में खूब सराहना हो रही है।


