बरेका परिसर में भक्तिमय वातावरण में मनाया गया दुर्गा पूजा समारोह, महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने की सुख-समृद्धि की कामना
वाराणसी: बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) परिसर में कृष्टि परिषद द्वारा दुर्गा पूजा समारोह का आयोजन। महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने माँ दुर्गा की आरती कर बरेका परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
जयचन्द । वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) परिसर स्थित कम्युनिटी हॉल में कृष्टि परिषद द्वारा आयोजित दुर्गा पूजा समारोह में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का मनोहारी संगम देखने को मिला।
इस अवसर पर बरेका के महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत ने समारोह में सहभागिता कर माँ दुर्गा की विधिवत आरती में भाग लिया तथा बरेका परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली, निरंतर प्रगति एवं उज्ज्वल भविष्य की मंगल कामना की।
भव्य रूप से सुसज्जित पूजा स्थल पर माँ दुर्गा की आकर्षक प्रतिमा के समक्ष वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना एवं आरती के दौरान वातावरण भक्तिमय हो उठा। महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत ने पूरे श्रद्धाभाव के साथ माँ दुर्गा के चरणों में नमन कर सभी रेलकर्मियों एवं उनके परिवारों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा की कामना की।
इस अवसर पर महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत ने समारोह के अंतर्गत आयोजित भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम ने उत्सव की गरिमा और उल्लास को और बढ़ाया।
दुर्गा पूजा के माध्यम से भारतीय संस्कृति, पारंपरिक आस्था और सामाजिक समरसता की सुंदर झलक प्रस्तुत हुई। ऐसे आयोजन विभिन्न भाषाओं, परंपराओं एवं सांस्कृतिक पृष्ठभूमियों से जुड़े लोगों को एक सूत्र में पिरोते हुए आपसी सौहार्द, सहयोग और सामूहिक सहभागिता की भावना को सुदृढ़ करते हैं।
कृष्टि परिषद द्वारा आयोजित यह समारोह बरेका की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा और सामुदायिक एकजुटता का प्रतीक बना।
इस अवसर पर जन संपर्क अधिकारी श्री राजेश कुमार, निजी सचिव, प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर श्री अरुण शाह, श्री अनुपम चौधरी, आंकड़ा संसाधन प्रबंधक श्री अमित सिकदर, श्री उदयन चटर्जी एवं श्री सुदीप चक्रवर्ती सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


