ABP News ने नेहा सिंह राठौर पर फेक खबर चलाई, माफी मांगी - लोकगायिका ने ठुकराई, बोलीं- अब कोर्ट में मिलो

लोकगायिका नेहा सिंह राठौर और ABP News के बीच विवाद गहराया। हॉस्टल में सेक्स रैकेट से जोड़ने वाली फर्जी खबर पर चैनल ने सार्वजनिक माफी मांगी, लेकिन नेहा ने मानहानि केस का ऐलान किया।

ABP News ने नेहा सिंह राठौर पर फेक खबर चलाई, माफी मांगी - लोकगायिका ने ठुकराई, बोलीं- अब कोर्ट में मिलो
फर्जी खबर पर फंसा ABP नेहा सिंह राठौर का बड़ा ऐलान

कुलदीप बरनवाल।

अपने बेबाक गानों के लिए चर्चित लोकगायिका नेहा सिंह राठौर एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह उनका कोई गाना नहीं, बल्कि ABP News द्वारा चलाई गई एक विवादित खबर है।

ABP News के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर शनिवार को एक खबर प्रसारित की गई जिसका टाइटल था - "नेहा सिंह राठौर वाले हॉस्टल में सेक्स रैकेट, पुलिस ने मारा छापा"। खबर में पुलिस रेड के फुटेज के साथ नेहा की तस्वीर का इस्तेमाल किया गया था।

नेहा ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए X पर लिखा, "ये चैनल मुझे वेश्या और कॉल गर्ल बताना चाहता है। मैं सरकार से सवाल पूछूंगी तो ये मुझे अपमानित करेंगे।" उन्होंने महिला आयोग से हस्तक्षेप की मांग भी की।

बताया जा रहा है कि नेहा ने ABP के VP रजनीश आहूजा से फोन पर बात की और उनसे सबूत मांगे। संतोषजनक जवाब न मिलने पर फोन काट दिया गया, जिसकी रिकॉर्डिंग सोशल मीडिया पर वायरल है।

जांच में सामने आया कि जिस हॉस्टल की खबर थी, उसका नेहा से कोई संबंध नहीं था और वीडियो भी पुराना था। विवाद बढ़ने पर ABP नेटवर्क ने अपने सभी प्लेटफॉर्म से खबर हटा ली और सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। ABP ने अपने बयान में कहा, "तथ्यों के गलत होने पर हमें खेद है।"

हालांकि नेहा सिंह राठौर ने माफी को ठुकरा दिया है। उन्होंने कहा है कि यह सिर्फ गलती नहीं, बल्कि उनकी छवि खराब करने की साजिश है और वह अब इस मामले को अदालत में ले जाएंगी और मानहानि का केस करेंगी।

देखें video https://youtube.com/shorts/xm62JBZvPyw?si=yK-5_bLoOqmx-IOZ