Uttarakhand: चमोली हेलीकॉप्टर क्रैश में 6 की मौत की पुष्टि, CCB इंस्पेक्टर अरुण सालुंके समेत बेंगलुरु के 5 दोस्त थे सवार
Chamoli Helicopter Crash: चमोली SP ने 6 लोगों की मौत की पुष्टि की, बेंगलुरु CCB इंस्पेक्टर अरुण सालुंके समेत 5 दोस्त बद्रीनाथ से लौट रहे थे।
डेस्क-चमोली/देहरादून: उत्तराखंड के चमोली जिले से शुक्रवार दोपहर बेहद दुखद खबर सामने आई है। जोशीमठ के पास चाय गांव में बद्रीनाथ से देहरादून जा रहा एक निजी हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया, जिसमें पायलट समेत 6 लोगों की मौत हो गई है। चमोली के पुलिस अधीक्षक सूरजीत सिंह पंवार ने सभी 6 लोगों की मौत की आधिकारिक पुष्टि कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुआ हेलीकॉप्टर Trans Bharat Aviation Pvt Ltd का VT-HCX था। यह हेलीकॉप्टर आज दोपहर 1:14 बजे बद्रीनाथ धाम से सहस्त्रधारा हेलीपोर्ट, देहरादून के लिए उड़ा था। हेलीकॉप्टर में 5 यात्री और 1 पायलट सवार थे।
जोशीमठ वैली के ऊपर पहुंचते ही हेलीकॉप्टर का ATC से संपर्क टूट गया और ट्रैकिंग सिस्टम ने लोकेशन दिखाना बंद कर दिया। इसके बाद लगभग 2:20 बजे जोशीमठ पुलिस को सूचना मिली कि हेलीकॉप्टर चाय गांव के ऊपर पहाड़ी पर, JP पावर हाउस के पास क्रैश हो गया है।
सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, SDRF की जोशीमठ और पांडुकेश्वर टीमें, पुलिस, आर्मी और ITBP के जवान मौके के लिए रवाना हो गए। खराब मौसम और दुर्गम पहाड़ी के कारण रेस्क्यू में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
6 लोगों की पहचान हुई - बेंगलुरु का CCB इंस्पेक्टर भी शामिल
इस हादसे में मरने वालों की पहचान हो गई है। पांचों यात्री कर्नाटक के बेंगलुरु के रहने वाले और आपस में गहरे दोस्त थे। सभी बुधवार को उत्तराखंड घूमने आए थे और बद्रीनाथ दर्शन करके लौट रहे थे।
1. कैप्टन हिमांशु सभरवाल (48 वर्ष) - हेलीकॉप्टर के पायलट, दिल्ली के शालीमार बाग, वेस्ट दिल्ली के रहने वाले। Trans Bharat Aviation के अनुभवी सीनियर पायलट थे।
2. अरुण सालुंके (44 वर्ष) - बेंगलुरु सेंट्रल क्राइम ब्रांच (CCB) में इंस्पेक्टर, 2007 बैच के पुलिस ऑफिसर। राममूर्तिनगर, बेंगलुरु के रहने वाले। इससे पहले इंदिरानगर और बाणसवाड़ी थानों में तैनात रहे हैं। CCB में ड्रग्स मामलों में इनका अच्छा नाम था।
3. एच एस नागराजा (51 वर्ष) - बेंगलुरु निवासी, अरुण सालुंके के करीबी दोस्त बताए जा रहे हैं।
4. प्रतापा बचीहल्ली निंगराजन (41 वर्ष) - बेंगलुरु निवासी, अरुण के दोस्त।
5. सुधीर K (50 वर्ष) - बेंगलुरु निवासी।
6. शंकरगौड़ा VB (39 वर्ष) - पेशे से वकील, बेंगलुरु निवासी। बताया जा रहा है कि अरुण के साथ जो 4 दोस्त थे, उनमें से ज्यादातर वकील हैं।
खराब मौसम बना हादसे की वजह?
प्रारंभिक जांच में खराब मौसम को हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है। शुक्रवार को चमोली जिले में भारी बारिश, घने बादल और हाथी पर्वत के पास बर्फबारी हो रही थी। विजिबिलिटी काफी कम थी, जिसके कारण हेलीकॉप्टर पहाड़ी से टकरा गया।
CM धामी ने जताया दुख, कंपनी की उड़ानों पर रोक
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि उन्हें चाय गांव के पास हेलीकॉप्टर क्रैश की दुखद सूचना मिली है और जिला प्रशासन व SDRF को रेस्क्यू में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं UCADA (उत्तराखंड सिविल एविएशन डेवलपमेंट अथॉरिटी) ने बड़ा कदम उठाते हुए Trans Bharat Aviation Pvt Ltd की सभी उड़ानों पर अस्थायी रोक लगा दी है और कंपनी की पूरी फ्लीट को ग्राउंड कर दिया है। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं।
लगातार हो रहे हेलीकॉप्टर हादसों से सवाल
बता दें कि उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर हादसों की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। खराब मौसम और ऊंची पहाड़ियों में उड़ान भरना हमेशा से चुनौतीपूर्ण रहा है। इस हादसे के बाद एक बार फिर हेलीकॉप्टर सेवाओं की सुरक्षा पर सवाल उठने लगे हैं।


